टोहाना में नशे के खिलाफ सड़क पर उतरे हजारों युवा, सांसद सुभाष बराला ने दिलाई बड़ी शपथ
नशे को ना, खेल को हां- युवाओं ने दौड़ लगाकर लिया नशामुक्त टोहाना का संकल्प
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने ड्रग फ्री टोहाना एथलेटिक टूर्नामेंट-2026 का किया शुभारंभ, मैराथन में युवाओं के साथ दिया नशामुक्त समाज का संदेश
नशे के खिलाफ लड़ाई पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी, युवाओं की ऊर्जा को खेल, शिक्षा और कौशल विकास से जोड़ना जरूरी : सुभाष बराला
टोहाना/ 11 अक्टूबर 2026 / अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
नशे के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाने और युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से रविवार को टोहाना में ड्रग फ्री टोहाना एथलेटिक टूर्नामेंट-2026 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित नशा विरोधी दौड़ में हजारों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और दौड़ लगाकर नशे से दूर रहने तथा टोहाना को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए टूर्नामेंट का शुभारंभ किया और युवाओं के साथ मैराथन में भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
सांसद सुभाष बराला ने युवाओं को नशा न करने की शपथ दिलाते हुए आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नशे को ना और खेल को हां का संकल्प हर युवा को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और सकारात्मक सोच भी विकसित करते हैं।
डीएसपी जयभगवान और उनकी टीम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में हरियाणवी कलाकार नवीन पूनिया ने भी भागीदारी की। कलाकारों की मौजूदगी और युवाओं के उत्साह और कबड्डी खिलाड़ी शीलू की मौजूदगी ने आयोजन को जन-जागरूकता का प्रभावी मंच बनाकर सकारात्मक संदेश दिया।
नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज की भागीदारी जरूरी: सुभाष बराला
युवाओं को संबोधित करते हुए सांसद सुभाष बराला ने कहा कि ‘ड्रग फ्री टोहाना’ का संकल्प तभी पूरा हो सकता है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति नशे के खिलाफ अपनी जिम्मेदारी समझे। नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर और जन-जागरूकता बढ़ाकर इस बुराई को जड़ से समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे।
उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति की जिंदगी बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है। इसकी गिरफ्त में आकर युवा अपने सपनों, प्रतिभा और उज्ज्वल भविष्य से दूर हो जाते हैं। पड़ोसी राज्य पंजाब में नशे की समस्या के गंभीर परिणाम सामने आए हैं। इसलिए समय रहते इस चुनौती से निपटना और हरियाणा की युवा पीढ़ी को नशे से सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है।
नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को सहारे और सही मार्गदर्शन की जरूरत
सांसद ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति को धीरे-धीरे परिवार और समाज से दूर कर सकती है। ऐसे युवाओं को केवल दोषी ठहराने के बजाय उन्हें उचित उपचार, परामर्श और सहयोग उपलब्ध करवाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की जरूरत है। वहीं, युवाओं को नशे की ओर धकेलने और नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए दो स्तरों पर काम करना जरूरी है। एक ओर नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए, वहीं दूसरी ओर नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों को इससे बाहर निकालने के लिए सहायता और उपचार उपलब्ध करवाया जाए। परिवार, प्रशासन और सामाजिक संगठनों के समन्वित प्रयास इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
खेल, शिक्षा और कौशल विकास से जुड़ें युवा
सुभाष बराला ने कहा कि हरियाणा के युवाओं में प्रतिभा, मेहनत और आगे बढ़ने की भरपूर क्षमता है। उन्हें अपनी ऊर्जा खेल, शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार जैसे सकारात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। खेल युवाओं को अनुशासन और संघर्ष की प्रेरणा देते हैं, जबकि कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार युवाओं के कल्याण, रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही हैं। इन योजनाओं की जानकारी युवाओं तक पहुंचाना और पात्र युवाओं को इनका लाभ दिलाना भी सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों और बेहतर अवसरों से जोड़कर उन्हें नशे जैसी बुराई से बचाने के प्रयास किए जाने चाहिए।
नशामुक्त टोहाना से नशामुक्त हरियाणा की ओर बढ़ेंगे कदम
सांसद ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशा न करने, दूसरों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करने और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति का लक्ष्य केवल टोहाना तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हरियाणा के प्रत्येक गांव, शहर और परिवार को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित बनाने के लिए निरंतर प्रयास होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी, परिवारों के सहयोग, प्रशासन की सतर्कता और समाज की जागरूकता से ही नशे के खिलाफ अभियान को जन-आंदोलन बनाया जा सकता है। प्रत्येक युवा यदि खेलों को अपनाए और नशे से दूर रहने का संकल्प ले, तो स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए जा सकते हैं।
इस अवसर पर एसडीएम आकाश शर्मा, डीएसपी जयभगवान, नगर परिषद अध्यक्ष नरेश बंसल, रोडवेज जीएम मनोज शर्मा, मंडल अध्यक्ष रमन मड़िया, कुलदीप डांगरा, जिले सिंह बराला, सुरजीत चेयरमैन, कुलदीप सिंह, सरपंच गुरप्रीत सिंह, सहित शहर और आसपास के क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन टोहाना में आयोजित कार्यक्रम नशे से दूर में उपस्थित सुभाष बराला
