राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस पर आयुष विंग पालम विहार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस पर आयुष विंग पालम विहार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
 

गुरुग्राम, 18 नवंबर- राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर आयुष विंग, सी-2 ब्लॉक, पालम विहार में जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वर्ष 2026 की आधिकारिक थीम ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ जीवनशैली और बीमारियों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में दर्शन नेचर केयर सेंटर, चंदू-बुढ़ेड़ा के प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञ जगदेव भारती ने प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांतों एवं विभिन्न उपचार पद्धतियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित शारीरिक गतिविधियां और प्रकृति के अनुरूप जीवनशैली अपनाकर स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखा जा सकता है। उन्होंने मोटापे, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए। इस दौरान लोगों को सरल योगासनों का अभ्यास करवाया गया और योग के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में प्राकृतिक आहार पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें मौसमी फल एवं सब्जियां प्रदर्शित कर उनके पोषण मूल्य और स्वास्थ्य लाभों के बारे में बताया गया। लोगों को मौसमी फल-सब्जियों का सेवन करने और असंतुलित खानपान से बचने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा मिट्टी चिकित्सा का प्रदर्शन कर इसकी प्रक्रिया एवं उपयोगिता की जानकारी दी गई। इच्छुक लोगों को मिट्टी चिकित्सा का लाभ भी प्रदान किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में करीब 80 लोगों ने भाग लिया, जबकि लगभग 20 व्यक्तियों ने मिट्टी चिकित्सा सत्र का अनुभव प्राप्त किया।

इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने कहा कि स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति का अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना जरूरी है। संतुलित आहार, नियमित योगाभ्यास, शारीरिक सक्रियता और सकारात्मक सोच स्वस्थ जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने लोगों से प्राकृतिक एवं स्वास्थ्यवर्धक आदतों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और बीमारियों से बचाव के लिए निवारक स्वास्थ्य उपाय अपनाने की अपील की।

0000

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles