आज गांव चंदू पहुंचेगा नाइजीरिया का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से करेगा संवाद

आज गांव चंदू पहुंचेगा नाइजीरिया का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से करेगा संवाद
 

गुरुग्राम, 18 नवंबर। 

भारत में ग्रामीण आजीविका, सामाजिक सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अपनाई जा रही प्रभावी कार्यप्रणाली को समझने के उद्देश्य से नाइजीरिया का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 19 नवंबर को गुरुग्राम के गांव चंदू स्थित सामुदायिक केंद्र पहुंचेगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्य हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों के साथ संवाद करेंगे तथा स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के अनुभवों और उनके द्वारा संचालित उद्यमों की कार्यप्रणाली को करीब से समझेंगे।

सीईओ जिला परिषद सुमित कुमार ने प्रतिनिधिमंडल के दौरे से अधिक जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान (एनआईआरडी एवं पीआर) द्वारा आयोजित अध्ययन दौरे के तहत नाइजीरिया के नेशनल कैश ट्रांसफर ऑफिस के प्रतिनिधि भारत आए हुए हैं। इस अध्ययन कार्यक्रम का उद्देश्य भारत में सामाजिक सुरक्षा, आजीविका संवर्धन और रोजगार सृजन के सफल मॉडलों का अध्ययन करना है। कार्यक्रम के तहत सामुदायिक केंद्र में हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के वरिष्ठ अधिकारी प्रतिनिधिमंडल के साथ परिचर्चा करेंगे और मिशन की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा करेंगे।

इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल स्वयं सहायता समूह के उद्यम का दौरा कर समूह की महिलाओं से सीधा संवाद करेगा। इस दौरान महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता, सामूहिक उद्यम, आजीविका के अवसरों तथा दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे सामाजिक एवं आर्थिक बदलावों की जानकारी दी जाएगी।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles