सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुग्राम के शिक्षण संस्थानों में पौधरोपण, स्वच्छता एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता गतिविधियां आयोजित

सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुग्राम के शिक्षण संस्थानों में पौधरोपण, स्वच्छता एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता गतिविधियां आयोजित
 

राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-14 में पौधरोपण, द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय में स्वच्छता अभियान; विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने पर भी जोर

गुरुग्राम,

सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुग्राम जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विविध गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने तथा पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-14 में किया पौधरोपण

राजकीय महिला महाविद्यालय, सेक्टर-14, गुरुग्राम में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महाविद्यालय के प्राचार्य एवं स्टाफ सदस्यों ने भाग लेते हुए पौधे लगाए। कार्यक्रम में लगभग 70 प्रतिभागियों की सहभागिता रही। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण के महत्व तथा पौधों की देखभाल के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय में स्वच्छता अभियान आयोजित

द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय, गुरुग्राम में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने तथा कचरे का उचित निपटान करने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका के महत्व पर जोर दिया गया।

साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता पर भी दिया जोर

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। साइबर सुरक्षा जागरूकता सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, संदिग्ध लिंक, व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा और मजबूत पासवर्ड के महत्व के बारे में जानकारी देने पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि वे केवल विश्वसनीय स्रोतों से ही मोबाइल एप डाउनलोड करें और सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप या एसएमएस पर प्राप्त संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा उन्हें जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles