हरियाणा में 7988 में से 5743 मुख्यमंत्री घोषणाएं पूरी, 1101 पर तेजी से चल रहा कार्य

हरियाणा में 7988 में से 5743 मुख्यमंत्री घोषणाएं पूरी, 1101 पर तेजी से चल रहा कार्य
 

चंडीगढ़, 25 नवंबर-हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में रैलियों एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान की गई मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयावधि में पूरे करवाए जाएं ताकि जनता को इनका समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री बुधवार को चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विपुल गोयल, सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी तथा खेल मंत्री श्री गौरव गौतम सहित अनेक विधायक उपस्थित रहे।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में संबंधित विभागों और विधायकों के बीच बेहतर समन्वय बेहद महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से विधायकों के साथ घोषणाओं की प्रगति का आकलन किया जा रहा है, ताकि लंबित विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके और उनके क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं का समाधान सुनिश्चित हो।

<strong>अब तक की गई 7988 में 5743 घोषणाएं पूरी:</strong>

<strong> </strong>

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के दौरों के दौरान अब तक कुल 7988 घोषणाएं की गई हैं। इनमें से 5743 घोषणाओं से संबंधित कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जबकि 1101 पर तेजी से कार्य चल रहा है। इसके अतिरिक्त, 805 घोषणाएं लंबित हैं तथा 339 घोषणाओं को क्रियान्वयन के लिए अव्यवहार्य (नॉट फिजिबल) पाया गया है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित रैलियों के दौरान की जाने वाली घोषणाओं के लिए पहले से ही संबंधित विभागों से इनकी व्यवहारिकता के संबंध में सहमति ले ली जाती है, इसके बावजूद यदि भूमि की अनुपलब्धता सहित अन्य किसी कारण से घोषणा को पूरा करने के लिए क्रियान्वयन संभव नहीं हो पाता तो यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने विधायकों से कहा कि वे लंबित घोषणाओं पर विशेष ध्यान दें और संबंधित विभागों के साथ मिलकर इनके क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर करवाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गत दिनों विभिन्न विभागों के बजट एवं व्यय की भी समीक्षा की गई थी, ताकि उपलब्ध वित्तीय संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके और आवंटित बजट का निर्धारित अवधि में सदुपयोग सुनिश्चित हो।

<strong>गोलमेज चर्चाओं में विभागवार हुई घोषणाओं की समीक्षा:</strong>

बैठक के उपरांत 17 मेजों पर विभागवार गोलमेज चर्चाएं आयोजित की गईं। इस दौरान विधायकों ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की वर्तमान स्थिति, क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों और आगामी आवश्यक कार्रवाई पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। इन चर्चाओं के दौरान लिए गए निर्णयों और निर्धारित कार्य-बिंदुओं को विभागवार संकलित किया जा जाएगा, ताकि उन पर प्रभावी कार्रवाई और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल, डॉ. सुमिता मिश्रा, श्रीमती जी. अनुपमा, श्री अनुराग अग्रवाल, श्री विजयेन्द्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles