हरियाणा में बढ़ी ठंड, बालसमंद 8.9 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा; कई शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे

हरियाणा में बढ़ी ठंड, बालसमंद 8.9 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा; कई शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे
 

हरियाणा में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के आंकड़ों के अनुसार, हिसार के बालसमंद में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

बालसमंद में एक ही दिन के भीतर रात के तापमान में 2.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंचने के कारण सुबह और रात के समय ठंड बढ़ गई है।

महेंद्रगढ़ के नारनौल में न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं करनाल में 9.5 डिग्री, यमुनानगर में 9.5 डिग्री और पंचकूला में 9.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

<strong>कई शहरों में तेजी से गिरा रात का तापमान</strong>

रात के तापमान में गिरावट के मामले में बालसमंद सबसे आगे रहा, जहां पारा 2.5 डिग्री नीचे गिरा। गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री की गिरावट के साथ 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा करनाल में 1.5 डिग्री, झज्जर में 1.4 डिग्री तथा रोहतक, पलवल और यमुनानगर में 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि अंबाला में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री और जींद में 13.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जहां पिछले दिन के मुकाबले तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई।

<strong>दिन में धूप से राहत, 28.1 डिग्री रहा अधिकतम तापमान</strong>

रात में ठंड बढ़ने के बावजूद दिन के समय धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में 0.3 डिग्री की कमी आई है, हालांकि तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।

फरीदाबाद और हिसार में दिन का सबसे अधिक तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चरखी दादरी में 28.0 डिग्री और रोहतक में 27.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं भिवानी में 24.0 डिग्री और नारनौल में 24.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

<strong>28 नवंबर तक खुश्क रहेगा मौसम, सुबह धुंध और रात में बढ़ेगी ठंड</strong>

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में 28 नवंबर तक मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं।

प्रदेश में उत्तर और उत्तर-पश्चिमी दिशा से हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने का अनुमान है। हवाओं के प्रभाव से रात के तापमान में हल्की गिरावट जारी रह सकती है, जबकि दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। सुबह के समय हल्की धुंध भी देखने को मिल सकती है।

##

About the Author

Suman Soni
Suman Soni

9447 Articles