हरियाणा ने 60 वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए, अब विकसित हरियाणा के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में अग्रसर - जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री

हरियाणा ने 60 वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए, अब विकसित हरियाणा के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में अग्रसर - जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री
 

चंडीगढ़, 26 नवंबर - हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने आज हरियाणा विधानसभा के संविधान दिवस एवं हरियाणा की हीरक जयंती के अवसर पर आयोजित विशेष सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान केवल कागज के पन्नों पर लिखे कानूनों का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र की आत्मा और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, समानता, न्याय एवं स्वतंत्रता का आधार है। संविधान के आदर्शों को अपने आचरण और शासन व्यवस्था में उतारना ही हमारा संकल्प होना चाहिए।

उन्होंने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा संविधान सभा के सभी महान सदस्यों को नमन करते हुए कहा कि हरियाणा ने अपने 60 वर्षों की गौरवशाली विकास यात्रा में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई, ऊर्जा और जनस्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश के मेहनतकश किसानों, जवानों, श्रमिकों और उद्यमियों ने हरियाणा को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

श्री गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शिता, सुशासन और जनकल्याण को सर्वोच्चप्राथमिकता दे रही है। प्रदेश के मेहनतकश किसानों, जवानों, श्रमिकों, उद्यमियों तथा सभी वर्ग के लोगों के योगदान से हमारा हरियाणा आज देश के अग्रणी राज्यों में है।

<strong>देशां में देश हरियाणा, जित दूध-दही का खाणा</strong>

हरियाणा ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सड़क एवं परिवहन, कृषि, शिक्षा, सिंचाई, स्वास्थ्य और ऊर्जा सहित हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है जो हरियाणा कभी खाद्यान्न की कमी से जूझता था, आज वह देश के अन्न भंडार भर रहा है। आज प्रदेश के हर गांव तक बिजली, स्वच्छ पेयजल, सड़कों का मजबूत जाल और आधुनिक शिक्षण व चिकित्सा संस्थान पहुंचे हैं। बिना पर्ची-बिना खर्ची मेरिट के आधार पर दो लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई हैं। एक तरफ जहां प्रदेश में पहले की सरकारों में भाई-भतीजावाद, क्षेत्रवाद और भ्रष्टाचार का बोलबाला था, जिससे संविधान द्वारा दिए गए समान अवसर के अधिकार का खुलेआम हनन होता था, वहीं प्रदेश में जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई है, तब से बिना खर्ची, बिना पर्ची, मेरिट के आधार पर पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिलने लगी हैं।

उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रदेश में 30,809 किलोमीटर सड़कों का रखरखाव किया जा रहा है तथा 12 फुट चौड़ी सड़कों को 18 फुट चौड़ा करने का कार्य तेजी से जारी है। वहीं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के माध्यम से प्रदेश के 7,259 गांवों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के साथ-साथ जल संरक्षण और अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग को बढ़ावा देना है।

श्री गंगवा ने कहा कि अब तक 2,584 किलोमीटर सड़कों को 12 से 18 फुट चौड़ा किया जा चुका है तथा शेष 656 किलोमीटर सड़कों को मार्च 2027 तक 18 फुट चौड़ा कर दिया जाएगा। अर्थात मार्च 2027 तक कुल 3,240 किलोमीटर सड़कों को 12 फुट से 18 फुट चौड़ा कर दिया जाएगा।

महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में एक-तिहाई प्रतिनिधित्व देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। हरियाणा में पंचायतों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान भी ग्रामीण लोकतंत्र में उनकी भागीदारी को मजबूत कर रहा है।

उन्होंने कहा कि 8 सूखाग्रस्त जिलों अर्थात हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी के ग्रामीण क्षेत्रों में 70 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन पेयजल आपूर्ति दी जाएगी। महाग्राम गांवों में 135 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन पेयजल आपूर्ति। 157 गांवों को सूचीबद्ध किया गया है। 29 गांवों में कार्य पूरा हो चुका है तथा 30 गांवों में कार्य प्रगति पर है। गांवों में भी शहर की तर्ज पर सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

मंत्री ने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी स्मरण कराता है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित हरियाणा के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को दलीय भावना से ऊपर उठकर जनभागीदारी, सामाजिक समरसता, जल संरक्षण तथा संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने में योगदान देना होगा।

अंत में उन्होंने प्रदेशवासियों से संविधान के मूल आदर्शों का सम्मान करने, लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत बनाने और राष्ट्र एवं प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles