हरियाणा की अनोखी सगाई! लाखों का दहेज ठुकराकर सिर्फ 1 रुपये और नारियल से निभाई रस्म

भूना। समाज में जब विवाह के नाम पर लाखों रुपये की नकदी, सोने के गहने और महंगे उपहारों की अपेक्षा की जाती है, ऐसे दौर में भूना खंड के गांव ढाणी गोपाल के एक परिवार ने सामाजिक बदलाव की एक अनूठी मिसाल पेश की है।
 

<strong>भूना।</strong> समाज में जब विवाह के नाम पर लाखों रुपये की नकदी, सोने के गहने और महंगे उपहारों की अपेक्षा की जाती है, ऐसे दौर में भूना खंड के गांव ढाणी गोपाल के एक परिवार ने सामाजिक बदलाव की एक अनूठी मिसाल पेश की है।

इस परिवार ने वधू पक्ष की ओर से दिए जाने वाले लाखों रुपये के दहेज और सोने के आभूषणों को बड़ी विनम्रता से ठुकरा दिया और महज एक रुपया व नारियल का शगुन लेकर रिश्ता पक्का किया।

परिवार का स्पष्ट मानना है कि विवाह कोई आर्थिक लेन-देन नहीं, बल्कि दो परिवारों के बीच प्रेम, विश्वास और आपसी सम्मान का बंधन है। खीचड़ परिवार की इस सराहनीय पहल की पूरे क्षेत्र में जमकर प्रशंसा हो रही है।

गांव ढाणी गोपाल निवासी सतबीर सिंह खीचड़ और सरोज देवी के 24 वर्षीय बेटे अजय कुमार का विवाह आगामी 20 नवंबर को गांव मुंशीवाला निवासी भगवान दास मूंड और किताबो देवी की सुपुत्री सोनू के साथ तय हुआ है।

अजय भूना की गोल मार्केट में बूट हाउस का संचालन करते हैं, जबकि सोनू सिरसा पुलिस में बतौर कांस्टेबल सेवाएं दे रही हैं। दोनों ही परिवार खेती-बाड़ी से जुड़े होने के साथ-साथ आर्थिक रूप से भी पूरी तरह संपन्न हैं।

अजय के दादा सेवानिवृत्त मुख्य अध्यापक हैं, जिनकी लंबे समय से यह इच्छा रही है कि समाज से दहेज जैसी कुरीति का जड़ से अंत होना चाहिए।

शनिवार को आयोजित सगाई एवं टीका समारोह में गांव मुंशीवाला से करीब 30 लोग पहुंचे। पारंपरिक रस्म के दौरान जब लड़की पक्ष की ओर से शगुन की राशि और सोने के आभूषण भेंट करने की तैयारी की गई तो खीचड़ परिवार ने उन्हें स्वीकार करने से मना कर दिया। परिवार ने केवल एक रुपये और नारियल स्वीकार कर सगाई की रस्म पूरी की। इस सादगीपूर्ण आयोजन ने उपस्थित लोगों को भी सामाजिक बदलाव का संदेश दिया।

<strong>दहेज बेटियों के सम्मान का नहीं, बोझ का कारण बनता है</strong>

अजय कुमार का कहना है कि विवाह दो परिवारों के बीच प्रेम, विश्वास और सम्मान का अटूट बंधन है। इसे रुपये-पैसे, संपत्ति और आभूषणों से जोड़ना उचित नहीं है।

दहेज के कारण अनेक बेटियों और उनके परिवारों को मानसिक एवं आर्थिक परेशानियों से गुजरना पड़ता है। समाज के प्रत्येक परिवार को दहेज लेने और देने की परंपरा का विरोध करना चाहिए। खीचड़ परिवार ने अपनी पहल से साबित किया कि सामाजिक बदलाव केवल भाषणों से नहीं, बल्कि अपने व्यवहार से संभव है।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles