हरियाणा सरकार की पहल से युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर, महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान

हरियाणा सरकार की पहल से युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर, महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान
 

जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक केके गोयल ने बताया कि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में उचित मूल्य की रिक्त दुकानों (फेयर प्राइस शॉप) के लाइसेंस जारी करने के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 25 नवंबर 2026 कर दी गई है। इससे पहले आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर निर्धारित की गई थी। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम में ऐसी दुकानों को संख्या 145 है।

के के गोयल ने बताया कि इस ऑनलाइन आवेदन पोर्टल का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा 10 अक्टूबर 2026 को किया गया था। इस पहल का मुख्य उद्देश्य गरीब एवं पात्र परिवारों, विशेषकर उन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक राशन की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करना है, जहां वर्तमान में उचित मूल्य की दुकानें दूर स्थित हैं। इसके साथ ही युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना तथा महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर उनके आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना भी इस योजना का प्रमुख उद्देश्य है।

केके गोयल ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र आवेदक अब 25 नवंबर 2026 तक हरियाणा अंत्योदय सरल पोर्टल https://saralharyana.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता शर्तें एवं आवेदन प्रक्रिया विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://haryanafood.gov.in पर उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त रिक्त उचित मूल्य की दुकानों का जिला एवं ग्रामवार विवरण भी विभागीय वेबसाइट तथा जिला प्रशासन की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया गया है।

उन्होंने सभी इच्छुक एवं पात्र आवेदकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं। आवेदन करने से पहले निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं पात्रता शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ें तथा संशोधित अंतिम तिथि 25 नवंबर 2026 से पहले सरल पोर्टल के माध्यम से अपना आवेदन अवश्य जमा करवाएं।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles