गौसेवा हमारी संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग : कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा

गौसेवा हमारी संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग : कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा
 

हिसार, 22 नवंबर।

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि गौमाता की सेवा हमारी संस्कृति, संस्कार और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा सरकार गौवंश संरक्षण और संवर्धन की दिशा में निरंतर ठोस कदम उठा रही है। कैबिनेट मंत्री आज गांव नियाणा स्थित श्री शिव गौशाला सेवा समिति के 25वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

इस पुनीत अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने गौशाला के विकास एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए अपने ऐच्छिक कोष से गौशाला समिति को 11 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, हरियाणा सरकार की ओर से भी श्री शिव गौशाला सेवा समिति को 16 लाख 78 हजार रुपये की चारा अनुदान राशि प्रदान की गई।

समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री ने गौमाता का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने गौसेवा, गौसंरक्षण एवं समाजसेवा के प्रति समर्पित सभी गौभक्तों और समिति के सदस्यों के सेवाभाव व समर्पण को नमन करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार हर संभव सहयोग कर रही है।

 कैबिनेट मंत्री ने अपनी मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि गौसेवा का यह पुनीत कार्य निरंतर आगे बढ़ता रहे और श्री शिव गौशाला सेवा समिति इसी प्रकार सेवा एवं समर्पण के नए आयाम स्थापित करती रहे। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, गौशाला समिति के पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles