बेटियां सिर्फ योजनाओं की लाभार्थी नहीं, विकसित भारत की भागीदार है : उपाध्यक्ष मीना परमार
हिसार, 16 नवंबर। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के सत्येंद्र नाथ बोस सभागार में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने महिला शक्ति, स्टार्टअप, व्यवसाय और रिसर्च विषय पर छात्राओं से संवाद किया।
उन्होंने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी चिंता यही है कि हरियाणा की मातृशक्ति को योजनाओं का पूरा लाभ मिले और उस लाभ से वे स्वयं को समृद्ध, आत्मनिर्भर और खुशहाल बना सकें। महिला शक्ति मजबूत होगी तो परिवार मजबूत होगा, परिवार मजबूत होगा तो प्रदेश और देश मजबूत होगा। श्रीमती परमार ने कहा कि आज बेटियों के सामने स्टार्टअप के असीम अवसर हैं।
सरकार की योजनाएं केवल सहायता नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की सीढ़ी हैं। बेटियां अपने विचार को स्टार्टअप में बदलें, अपना व्यवसाय शुरू करें और रोजगार लेने वाली नहीं, रोजगार देने वाली बनें। उन्होंने कहा कि व्यवसाय के अवसर अब महानगरों तक सीमित नहीं हैं। गांव और छोटे कस्बों की बेटियां भी अपने हुनर, शिक्षा और आत्मविश्वास के बल पर बड़ा व्यवसाय खड़ा कर सकती हैं। इसके लिए सरकार हर स्तर पर सहयोग के लिए तैयार है।
रिसर्च पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि बेटियां रिसर्च में आगे आएं। नई सोच, नए प्रयोग और नवाचार से ही समाज की समस्याओं का स्थायी समाधान निकलेगा। सरकार को क्या नया करना चाहिए, इसके सबसे अच्छे सुझाव बेटियों के पास ही हैं। उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि सरकार जितनी चिंता कर रही है, यदि हम भी उसमें अपना अंशदान करें तो संकल्प को साकार करना और आसान होगा। माता-पिता ने जिस सपने और विचार के साथ हमें यहाँ तक पहुँचाया है, उसे कायम रखना हमारी जिम्मेदारी है। छोटे भाई-बहनों को साथ लेकर आगे बढ़ें और प्रदेश के भले के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति की भागीदारी, स्टार्टअप, व्यवसाय और रिसर्च के माध्यम से ही विकसित भारत का संकल्प साकार होगा।
<strong>हरियाणा की मातृशक्ति को समृद्ध व खुशहाल बनाने के लिए सरकार निरंतर चिंतित : उपाध्यक्ष मीना परमार</strong> इससे पूर्व लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के पशु चिकित्सा सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि हरियाणा की मातृशक्ति को योजनाओं का कितना लाभ पहुंचेगा और इसका लाभ लेकर वे अपने आप को कितना समृद्ध और खुशहाल बना पाएँगी, इसकी चिंता सरकार ने लगातार की है।
उन्होंने कहा कि हमारे माता-पिता ने जिस विचार और सपने के साथ हमें यहाँ तक पहुँचाया है, उस विचार को हमें कायम रखना है। अपने छोटे भाई-बहनों को साथ लेकर उन्हें आगे बढ़ाने में हम कितने सहयोगी हो सकते हैं, अपने प्रदेश का कितना भला कर सकते हैं, इसके लिए क्या नई सोच लेकर आ सकते हैं, क्या नए सुझाव सरकार को दे सकते हैं और सरकार को और क्या नया करना चाहिए, इस नवाचार के साथ हमें आगे बढ़ना है।
इस अवसर पर जीजेयू विश्वविद्यालय के उप कुलपति विजय कुमार, मंडल अध्यक्ष अरुण दत्त शर्मा बालसमंद, बाल विकास परियोजना अधिकारी कृष्णा चहल, कृष्ण सरसाना, अजय गावड़, पीयूष मेहता, सुदेश चौधरी तथा सीमा उपस्थित रहे। उपस्थित रहे।
