उपायुक्त महेंद्र पाल ने हिसार अनाज मंडी का औचक निरीक्षण कर खरीद व्यवस्था का लिया जायजा, किसानों और आढ़तियों की सुनी समस्याएं
उपायुक्त महेंद्र पाल ने शुक्रवार को हिसार अनाज मंडी का दौरा कर फसल खरीद प्रक्रिया, उठान व्यवस्था और किसानों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में खरीद प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। खरीद और उठान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में फसल लेकर आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल की खरीद, रिकॉर्ड संबंधी कार्यवाही और उठान में तेजी लाई जाए, ताकि मंडी में फसल का अनावश्यक जमाव न हो और किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार न करना पड़े। उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मंडी में खरीद व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखें और अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी खरीद से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, ढिलाई या नियमों की अनदेखी सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने खरीद एजेंसियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसानों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण दौरे के दौरान उपायुक्त ने मंडी में सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने मंडी परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में व्यवस्था बनाए रखने, गतिविधियों पर निगरानी रखने और किसी भी समस्या पर तुरंत कार्रवाई करने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य मंडी में किसानों के लिए सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित खरीद व्यवस्था उपलब्ध करवाना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करें और यह सुनिश्चित करें कि किसानों को अपनी फसल बेचने तथा भुगतान एवं खरीद संबंधी प्रक्रियाओं में अनावश्यक परेशानी न हो।
