हिसार में 25 अक्टूबर को लगेगी ग्रीन एनर्जी प्रदर्शनी : उपायुक्त महेंद्र पाल
सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहनों और बैटरी तकनीक की मिलेगी जानकारी हिसार, हरियाणा ग्रीन एनर्जी रोडशो के तहत 25 अक्टूबर को हिसार में ग्रीन एनर्जी प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। महाराजा अग्रसेन भवन के पास स्थित पुराना राजकीय महाविद्यालय ग्राउंड में सुबह 10 से सायं 5 बजे तक होने वाली इस प्रदर्शनी में सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन, बैटरी स्टोरेज और ऊर्जा दक्षता से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी मिलेगी। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि हरियाणा ऊर्जा मंत्रालय के सह-आयोजन में होने वाली प्रदर्शनी का उद्देश्य उद्योगों, व्यापारियों, उद्यमियों, किसानों और आम नागरिकों को हरित ऊर्जा के प्रति जागरूक करना है। यहां ऊर्जा बचत, बिजली की लागत कम करने और पर्यावरण संरक्षण में उपयोगी तकनीकों एवं समाधानों को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी उद्योग संचालकों और व्यवसायियों को अपनी जरूरत के अनुसार सौर ऊर्जा प्रणाली, ईवी चार्जिंग सुविधाओं और बैटरी समाधानों की जानकारी हासिल करने का अवसर देगी। इसके अलावा ग्रीन एनर्जी उत्पादों के विक्रेता और सेवा प्रदाता अपने उत्पाद संभावित ग्राहकों के सामने प्रस्तुत कर नए व्यावसायिक संपर्क बना सकेंगे। उपायुक्त ने औद्योगिक इकाइयों, फैक्ट्री मालिकों, व्यापारियों, किसानों और आम नागरिकों से प्रदर्शनी में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि हरित ऊर्जा अपनाकर बिजली की लागत घटाने और स्वच्छ एवं टिकाऊ हरियाणा के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दे सकते हैं।
