लाडो लक्ष्मी योजना: आय सीमा 1.80 लाख, हर माह मिलेंगे ₹2100
हरियाणा की लाडो लक्ष्मी योजना में आय सीमा बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये की गई। पात्र महिलाओं को हर माह 2100 रुपये मिलेंगे। हिसार की 72,689 महिलाएं ले रहीं लाभ।
लाडो लक्ष्मी योजना की आय सीमा बढ़कर 1.80 लाख रुपये हुई, पात्र महिलाओं को हर माह मिलेंगे 2100 रुपये : राकेश कसवा हिसार की 72,689 महिलाएं ले रहीं योजना का लाभ, अब हर महीने की बजाय तीन माह में एक बार अपलोड करना होगा जीवन प्रमाण पत्र हिसार (राजेश सलूजा) । हरियाणा सरकार के समाज कल्याण विभाग द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर पात्र महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संचालित इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। योजना का लाभ अधिक महिलाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से परिवार पहचान पत्र में दर्ज परिवार की वार्षिक आय की पात्रता सीमा एक लाख रुपये से बढ़ाकर 1 लाख 80 हजार रुपये कर दी गई है।
राकेश कसवा
जिला समाज कल्याण विभाग, हिसार में लाडो लक्ष्मी योजना के नोडल अधिकारी राकेश कसवा ने बताया कि आय सीमा बढ़ने से अधिक पात्र महिलाएं योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकेंगी। उन्होंने बताया कि जिला हिसार में वर्तमान में 72,689 महिलाएं इस योजना का लाभ प्राप्त कर रही हैं और उनकी पेंशन आईडी बन चुकी है। उन्होंने पात्र महिलाओं से अपील की कि वे योजना की शर्तों की जानकारी लेकर समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। घर बैठे भी कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन राकेश कसवा ने बताया कि लाडो लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन है और आवेदक महिलाएं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार घर बैठे भी स्वयं आवेदन कर सकती हैं। आवेदन करने के लिए महिलाओं को किसी दूसरे व्यक्ति पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं है। योजना से संबंधित पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी विभाग के आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए हरियाणा का स्थायी निवासी होना, निर्धारित आयु एवं आय संबंधी पात्रता पूरी करना तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होना जरूरी है। आवेदन से पहले परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड और उससे लिंक मोबाइल नंबर सहित आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने चाहिए। इसके अतिरिक्त परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड, बैंक खाते से संबंधित विवरण और अन्य जरूरी दस्तावेज भी आवेदन प्रक्रिया के अनुसार मांगे जा सकते हैं। विवाहित आवेदकों को ससुराल पक्ष से संबंधित दस्तावेजों की भी आवश्यकता पड़ सकती है। इसलिए आवेदन से पहले आधिकारिक दिशा-निर्देश अवश्य जांच लें। जीवन प्रमाण पत्र अपलोड करने में मिली राहत राकेश कसवा ने बताया कि योजना का लाभ पहले से प्राप्त कर रही महिलाओं को प्रत्येक माह ऐप पर जीवन प्रमाण पत्र अपलोड करना पड़ता था। अब इस प्रक्रिया में राहत देते हुए इसे तीन महीने में एक बार अपलोड करने की व्यवस्था की गई है। इससे लाभार्थी महिलाओं को बार-बार प्रमाण पत्र अपलोड करने की परेशानी से राहत मिलेगी। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे निर्धारित समयावधि के अनुसार जीवन प्रमाण पत्र अपलोड करती रहें, ताकि योजना का लाभ जारी रखने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। फर्जी ऐप और लिंक से रहें सावधान राकेश कसवा ने महिलाओं को आगाह किया कि लाडो लक्ष्मी योजना के नाम पर फर्जी ऐप और लिंक के माध्यम से धोखाधड़ी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपनी व्यक्तिगत, आधार या बैंक संबंधी जानकारी किसी अनधिकृत व्यक्ति के साथ साझा करें। योजना के लिए आवेदन करने तथा संबंधित सेवाओं का लाभ लेने के लिए केवल विभाग द्वारा अधिकृत आधिकारिक ऐप या माध्यम का ही इस्तेमाल करें। किसी भी ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसकी प्रामाणिकता की पुष्टि जरूर करें। उन्होंने बताया कि योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया अथवा दस्तावेजों के बारे में सहायता प्राप्त करने के लिए जिला समाज कल्याण कार्यालय, ग्राउंड फ्लोर, लघु सचिवालय, हिसार में संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने समस्त जिलावासियों से अपील की कि पात्र महिलाओं तक योजना की सही जानकारी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाएं इसका लाभ उठा सकें और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी से सुरक्षित रहें।