कोहरे में सडक़ हादसे रोकने के लिए सभी विभाग रहें अलर्ट, ब्लैक स्पॉट करेंं दुरुस्त : उपायुक्त महेंद्र पाल

कोहरे में सडक़ हादसे रोकने के लिए सभी विभाग रहें अलर्ट, ब्लैक स्पॉट करेंं दुरुस्त : उपायुक्त महेंद्र पाल
 

उपायुक्त ने हाईवे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने के भी दिए निर्देश हिसार, 25 नवंबर। सर्दियों में धुंध और कोहरे के कारण बढऩे वाली सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। दिसंबर और जनवरी में कोहरे की आशंका को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को सडक़ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि सडक़ हादसों पर अंकुश लगाने के लिए केवल कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि धरातल पर प्रभावी कदम उठाए जाएं।

इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सडक़ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के बाद उपायुक्त महेंद्र पाल ने जिला स्तर पर अधिकारियों को इन निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने को कहा। उपायुक्त ने अधिकारियों को जिले में उन स्थानों की पहचान करने के निर्देश दिए, जहां बार-बार सडक़ दुर्घटनाएं होती हैं। ऐसे सभी ब्लैक स्पॉट का मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाए और यह पता लगाया जाए कि हादसों के पीछे सडक़ की खराब स्थिति, संकेतकों की कमी या कोई अन्य कारण तो नहीं है। जांच के बाद संबंधित कमियों को तुरंत दूर किया जाए, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि जिले की सभी सडक़ों पर सफेद पट्टियां स्पष्ट दिखाई देनी चाहिए। विशेषकर कोहरे वाले क्षेत्रों में सडक़ मार्किंग, रिफ्लेक्टर, दिशा सूचक बोर्ड और किलोमीटर के बोर्ड सही स्थिति में होने चाहिए। जहां सडक़ पर गड्ढे या मरम्मत की जरूरत है, वहां समय रहते पैचवर्क करवाया जाए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर बार-बार हादसे हो रहे हैं, वहां दुर्घटनाओं के समय का भी पता लगाया जाए। यदि किसी विशेष समय में हादसों की संख्या अधिक है तो उस दौरान पुलिस की विशेष तैनाती और नाकाबंदी की जाए। ओवरस्पीडिंग पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जाए और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

उपायुक्त ने कहा कि सडक़ सुरक्षा केवल प्रशासन और पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। गांवों में सरपंचों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। स्कूल बसों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बस चालकों को कोहरे के दौरान वाहन चलाने की सावधानियों की जानकारी दी जाए। सडक़ क्रॉसिंग और अन्य संवेदनशील स्थानों पर रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, ताकि कम दृश्यता में भी वाहन चालकों को रास्ता साफ दिखाई दे। उपायुक्त महेंद्र पाल ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि सर्दियों में सडक़ दुर्घटनाओं से निपटने के लिए एंबुलेंस और अस्पतालों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें। आपात स्थिति में घायलों को बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि समय पर उपचार मिल सके।

उपायुक्त ने पुलिस अधिकारियों को कोहरे के दौरान हाईवे पर नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। हाईवे पर गलत तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। यदि किसी वाहन में खराबी आती है तो उसे सुरक्षित स्थान पर खड़ा करवाकर यातायात सुचारू रखा जाए। उपायुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में पराली, तूड़ी या अन्य सामान वाहन की क्षमता से अधिक न भरा जाए। सामान इस तरह लादा जाए कि वह सडक़ पर न गिरे और पीछे आने वाले वाहन चालकों के लिए परेशानी न बने। सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारी के अनुसार कार्ययोजना तैयार करें और दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुधार करवाएं। उपायुक्त ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सर्दियों में कोहरे के दौरान वाहन धीमी गति से चलाएं, फॉग लाइट का इस्तेमाल करें, अपनी लेन में रहें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और ओवरटेक करने से बचें। इस अवसर पर एसडीएम हिसार ज्योति मित्तल, एसडीएम बरवाला अश्वीर नैन, नगराधीश रोहित कुमार, जिला राजस्व अधिकारी श्याम लाल व जिला  विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles