इस दीपावली नशे को कहें अलविदा, समाज को दें स्वस्थ भविष्य का उपहार : सुकून काउंसलर राहुल शर्मा
गांव बनभौरी में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
हिसार, 03 नवंबर।
हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो हिसार की ओर से थाना बरवाला के अंतर्गत आने वाले गांव बनभौरी में विशाल नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्यूरो के उप पुलिस महानिरीक्षक मनवीर सिंह ने की। कार्यक्रम में बनभौरी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। नशा मुक्त भारत अभियान के नशा मुक्त मित्र एवं जिला सुकून काउंसलर राहुल शर्मा ने कहा कि दीपावली खुशियों, आपसी प्रेम और नई शुरुआत का पर्व है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि इस बार दीपावली को केवल दीप जलाकर नहीं, बल्कि नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संकल्प लेकर मनाएं। राहुल शर्मा ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति की जिंदगी बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार, सामाजिक संगठनों और प्रशासन को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना होगा। हर व्यक्ति यह संकल्प ले कि न खुद नशा करेगा और न किसी दूसरे को नशे की ओर बढऩे देगा। जनता की भागीदारी से ही नशा मुक्त हरियाणा-सशक्त हरियाणा और नशा मुक्त भारत-विकसित भारत का लक्ष्य पूरा हो सकता है। उन्होंने दीपावली पर पटाखों और अनावश्यक खर्च के बजाय जरूरतमंदों की मदद करने, आपसी भाईचारा बढ़ाने और परिवार के साथ खुशियां बांटने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि घरों में दीप जलाने के साथ समाज में फैले नशे के अंधकार को मिटाने का प्रयास भी होना चाहिए।
सुकून केंद्र की सेवाओं की जानकारी देते हुए बतया कि नशे से पीडि़त व्यक्तियों और उनके परिजनों को नागरिक अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र में उपलब्ध नि:शुल्क उपचार एवं परामर्श सेवाओं के बारे में बताया। उन्होंने केंद्र सरकार की नशा मुक्ति हेल्पलाइन 14446 की जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम में सिविल अस्पताल हिसार की स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों की एचआईवी/एड्स जांच की। इस दौरान लैब टेक्नीशियन प्रदीप वर्मा और राममेहर चहल सहित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। मनोवैज्ञानिक डॉ शालू बूरा ने टेली-मानस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में सहायता लेने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या उपचार योग्य स्वास्थ्य एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या है। समय पर परामर्श और उचित उपचार मिलने से व्यक्ति दोबारा सामान्य एवं स्वस्थ जीवन जी सकता है। सिविल अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र में उपचार की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध है। जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से महेंद्र सिंह और राकेश कस्वा ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने ग्रामीणों को नशा मुक्ति जागरूकता से संबंधित पोस्टर और पंपलेट वितरित किए तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुडऩे का आह्वान किया।
