बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करने पर दें विशेष ध्यान : अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल

बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करने पर दें विशेष ध्यान : अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल
 

एफएलएन कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

हिसार,

अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल की अध्यक्षता में शुक्रवार को फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी कार्यक्रम को लेकर संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाने, उनकी सीखने की क्षमता में सुधार लाने तथा कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने हेड क्लस्टर को निर्देश दिए कि वे स्कूल की नियमित चेकिंग करेंगे और चेकिंग के दौरान सेल्फी लेकर गूगल सीट पर अपलोड करेंगे। साथ ही उन्होंने स्कूलों में पीने के पानी की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। पीने के पानी में खामियां मिलने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि कोई भी रिटायर्ड शिक्षक व अन्य सक्षम नागरिक स्वैच्छिक रूप से स्कूल में बच्चों को शिक्षा प्रदान करना चाहता है तो उसे अनुमति दी जाएगी। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जिले में येलो जोन के तहत आने वाले स्कूलों को ग्रीन जाने में लाने की दिशा में कार्य किया जाए।

उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा उनकी पूरी शैक्षणिक यात्रा का आधार होती है। इसलिए प्राथमिक कक्षाओं में विद्यार्थियों को पढ़ने, लिखने और गणित की बुनियादी समझ विकसित करवाने पर विशेष जोर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एफएलएन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को उसकी कक्षा के अनुरूप बुनियादी शैक्षणिक दक्षताओं में सक्षम बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी सरकारी स्कूलों में एफएलएन गतिविधियों को गंभीरता से लागू करवाया जाए। विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का समय-समय पर मूल्यांकन किया जाए तथा जिन बच्चों को पढ़ने, लिखने और गणितीय गणनाओं में परेशानी आ रही है, उनकी पहचान कर अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध करवाया जाए।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि शिक्षकों की भूमिका बच्चों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने में सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए शिक्षण प्रक्रिया को रोचक, सरल और गतिविधि आधारित बनाया जाए, ताकि बच्चे बिना किसी दबाव के आसानी से सीख सकें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा स्कूलों का नियमित निरीक्षण किया जाए और एफएलएन कार्यक्रम की प्रगति पर लगातार नजर रखी जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ जिम्मेदारी पूर्वक कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक बच्चे को मजबूत शैक्षणिक आधार उपलब्ध करवाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles