डीसी वर्षा खांगवाल के सख्त निर्देश-औद्योगिक इकाइयों से लेकर सड़कों की धूल और पराली जलाने तक हर गतिविधि पर नजर

डीसी वर्षा खांगवाल के सख्त निर्देश-औद्योगिक इकाइयों से लेकर सड़कों की धूल और पराली जलाने तक हर गतिविधि पर नजर
 

झज्जर,

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में शामिल झज्जर जिला में वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। संशोधित ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के प्रावधानों की पालना सुनिश्चित करने के लिए हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रदूषण नियंत्रण की विशेष कार्ययोजना तैयार कर उसे प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

औद्योगिक इकाइयों से लेकर सड़कों तक प्रदूषण पर नजर

डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं। औद्योगिक इकाइयों, डीजल जनरेटर सेट, वाहनों से निकलने वाले धुएं, सड़क की धूल, खुले में कचरा जलाने, अवैध डंपिंग और निर्माण गतिविधियों से होने वाले प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही धान की पराली और फसल अवशेष जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए भी फील्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संशोधित ग्रेप के प्रावधानों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करते हुए चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण किया जाए। प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों की पहचान कर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि वायु गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके।

सड़क की धूल रोकने के लिए स्वीपिंग और पानी के छिड़काव पर जोर

डीसी ने सड़कों से उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए मैकेनिकल एवं वैक्यूम स्वीपिंग की व्यवस्था प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। आवश्यकता के अनुसार संबंधित अधिकारियों को पानी का छिड़काव सुनिश्चित करने और सड़कों की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों को यातायात प्रबंधन बेहतर बनाने के साथ प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे जमा धूल, खाली प्लॉटों में पड़े कचरे और खुले स्थानों पर बिखरे निर्माण अपशिष्ट को हटाने के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएं।

अवैध आरएमसी और एचएमपी इकाइयों पर होगी कार्रवाई

औद्योगिक प्रदूषण की रोकथाम को लेकर डीसी ने संबंधित अधिकारियों को औद्योगिक इकाइयों का नियमित निरीक्षण करने और पर्यावरणीय मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) और हॉट मिक्स प्लांट (एचएमपी) इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने को कहा।

इसके अतिरिक्त अवैध अथवा बंद इकाइयों के बिजली कनेक्शन काटने के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा औद्योगिक, ठोस और निर्माण अपशिष्ट की खुले स्थानों पर अवैध डंपिंग रोकने के निर्देश भी दिए।

पराली जलाने पर रोक के लिए गांवों में बढ़ेगी निगरानी

डीसी ने कहा कि फसल अवशेष जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, इसलिए किसानों को पराली प्रबंधन के वैकल्पिक उपाय अपनाने के लिए जागरूक किया जाए। इसके लिए गांवों में नियमित निगरानी के साथ फसल अवशेष प्रबंधन मशीनरी और कस्टम हायरिंग सेंटरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पराली जलाने की किसी भी घटना की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाए और किसानों को फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने के लिए प्रेरित किया जाए।

बहादुरगढ़ के आठ गांवों पर रहेगा विशेष फोकस

डीसी ने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण अभियान के तहत बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव परनाला, बामनोली, लडरावन, कसार, मुकंदपुर, खैरपुर, कानोंदा और गुभाना सहित अन्य चिन्हित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इन क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण गतिविधियों की नियमित समीक्षा की जाएगी। खाली प्लॉटों, सड़क किनारे और खुले स्थानों पर पड़े कचरे व निर्माण अपशिष्ट को हटाने के लिए भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।

जनभागीदारी से ही बनेगा स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त वातावरण

डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों और उससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए। लोगों को ग्रेप के प्रावधानों, पराली व कचरा जलाने से होने वाले नुकसान, सड़क की धूल पर नियंत्रण और वाहनों के प्रदूषण जांच प्रमाणपत्र (पीयूसी) की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। आमजन प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों से बचें और ऐसी घटनाओं की सूचना संबंधित विभागों को दें। प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के प्रयासों को गति मिल सके।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles