वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान : डीसी
बहादुरगढ़, 18 नवंबर।
वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता है। यह बात डीसी वर्षा खांगवाल ने बुधवार को बहादुरगढ़ शहर के सेक्टर-6 स्थित सीनियर सिटीजन क्लब का दौरा करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने क्लब से जुड़े वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
क्लब पहुंचने पर वरिष्ठ नागरिकों ने डीसी वर्षा खांगवाल का स्वागत किया। क्लब के प्रधान रामनिवास ने डीसी के समक्ष वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं को प्रमुखता से रखा। उन्होंने सामुदायिक केंद्र भवन की मरम्मत करवाने, ओपन जिम में लगे उपकरणों को दुरुस्त करवाने तथा क्लब परिसर के पार्क की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करवाने की मांग की।
डीसी वर्षा खांगवाल ने वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज का महत्वपूर्ण अंग हैं और उनके अनुभव एवं मार्गदर्शन से समाज को दिशा मिलती है। इसलिए उनकी सुविधाओं और आवश्यकताओं का ध्यान रखना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
डीसी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को अपने दैनिक जीवन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने क्लब से जुड़े नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा रखी गई समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों ने जिला प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई होगी।
