19-20 नवंबर को सजेगा जिला स्तरीय युवा महोत्सव का मंच: डीसी
विजेताओं को मिलेंगे 2,100-4,100 तक के पुरस्कार
नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" थीम पर होगा महोत्सव, 15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे भाग, पंजीकरण अनिवार्य
डीसी वर्षा खांगवाल ने ली सम्बन्धित अधिकारियों की बैठक
झज्जर युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा, सांस्कृतिक विरासत एवं कला कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला झज्जर में आगामी 19 व 20 नवंबर को जिला स्तरीय युवा महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। डीसी वर्षा खांगवाल की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार इस बार महोत्सव का आयोजन राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय के सभागार में किया जाएगा। भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इस वर्ष महोत्सव की मुख्य थीम नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत रखी गई है। डीसी ने बताया कि महोत्सव को पूर्णतः इनडोर स्वरूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने जिला के सभी राजकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
6 विधाओं में प्रतिभा परीक्षा ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन** दो दिवसीय महोत्सव के दौरान पांच समूह सांस्कृतिक विधाओं के अंतर्गत एवं व्यक्तिगत प्रतियोगिताओं के साथ पारंपरिक लोक वाद्य यंत्र वादन प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। इनमें समूह लोक नृत्य, समूह लोक गीत, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग, कविता लेखन तथा पारंपरिक लोक वाद्य यंत्र वादन शामिल हैं। सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की आयु 17 अगस्त 2026 को 15 से 29 वर्ष के बीच होनी अनिवार्य है। पिछले वर्ष के विजेता इस वर्ष संबंधित प्रतियोगिता में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे तथा एक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में हिस्सा ले सकेगा। सभी प्रतिभागियों के लिए My Bharat Portal पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। महोत्सव में भाग लेने के लिए निर्धारित आयु वर्ग के युवा समय रहते अपना ऑनलाइन पंजीकरण करवाएं।
<strong>नकल या साहित्यिक चोरी पाए जाने पर अयोग्य घोषित</strong> बैठक में जिला युवा समन्वयक अधिकारी संदीप कुमार अहलावत ने विस्तार में जानकारी देते हुए बताया कि पेंटिंग प्रतियोगिता व्यक्तिगत स्तर पर आयोजित होगी, जिसमें प्रतिभागियों को निर्धारित थीम पर ए-3 आकार की शीट पर पेंसिल, एक्रेलिक, वाटर कलर अथवा क्रेयॉन माध्यम से चित्र तैयार करना होगा। इसके लिए अधिकतम 6 घंटे का समय निर्धारित है। कविता लेखन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को हिंदी, अंग्रेजी अथवा क्षेत्रीय भाषा में 90 मिनट के भीतर मौलिक कविता लिखनी होगी। नकल अथवा साहित्यिक चोरी पाए जाने पर प्रतिभागी को अयोग्य घोषित किया जाएगा। पारंपरिक लोक वाद्य यंत्र वादन प्रतियोगिता में ढोल, नगाड़ा, बांसुरी, सारंगी, इकतारा, खड़ताल, तबला सहित अन्य पारंपरिक भारतीय वाद्य यंत्रों का प्रदर्शन किया जा सकेगा। इसमें इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। प्रतियोगिताओं के अंतर्गत समूह लोक नृत्य एवं समूह लोक गीत की प्रस्तुतियां भारतीय सांस्कृतिक एवं क्षेत्रीय लोक परंपराओं पर आधारित होंगी। इनकी अवधि 5 से 8 मिनट निर्धारित की गई है। लोक गीत में फिल्मी गानों एवं नाटक की प्रस्तुति हिंदी, अंग्रेजी अथवा रीमिक्स की अनुमति नहीं होगी। नुक्कड़ किसी क्षेत्रीय भाषा में अधिकतम 7 मिनट की होगी, जिसमें एक टीम में अधिकतम 10 सदस्य भाग ले सकेंगे।
शिक्षण संस्थानों को अधिकाधिक भागीदारी के निर्देश जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, राजकीय महाविद्यालय, विश्वविद्यालयों एवं विद्यालयों के प्राचार्यों को अपने-अपने संस्थानों से अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं तक महोत्सव की जानकारी पहुंचाने एवं उनकी सहभागिता बढ़ाने के लिए ब्लॉक यूथ कोऑर्डिनेटिंग ऑफिसर्स के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। महोत्सव में भाग लेने के लिए युवा एवं शिक्षण संस्थान अधिक जानकारी तथा पंजीकरण संबंधी सहायता के लिए अपने नजदीकी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने तथा नशा मुक्त एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनने का आह्वान किया है। जिला स्तर पर प्रत्येक विधा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों/टीम को निर्धारित पुरस्कार राशि एवं योग्यता प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिताओं में विजेताओं को पुरस्कार राशि में प्रथम पुरस्कार 4,100 रुपए प्रति प्रतिभागी, द्वितीय पुरस्कार 3,100 रुपए प्रति प्रतिभागी, तृतीय पुरस्कार 2,100 रुपए प्रति प्रतिभागी प्रदान किए जाएंगे। जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को आगामी राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में जिला झज्जर का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
जिला स्तरीय बैठक में डीसी ने उपस्थित सभी अधिकारियों और विभागाध्यक्षों को कार्यक्रम सफल बनाने हेतु दिशा निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम बादली विशाल कुमार, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, नगराधीश ऋतु, जिला युवा समन्वयक अधिकारी एवं प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान झज्जर एट गुढ़ा संदीप कुमार अहलावत, राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दलबीर हुड्डा, चौधरी रणबीर सिंह इंजीनियरिंग कॉलेज से डॉ. पूर्णिमा, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान से डॉ. भावना, उप जिला शिक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी दिनेश कुमार, उप निदेशक, माय भारत अर्शदीप सहित सभी खंड युवा समन्वयक अधिकारी उपस्थित रहे।
