बाल भवन में चार दिवसीय बाल महोत्सव आज से : सुरेखा हुड्डा
<strong>बाल महोत्सव 2026 में दिखेगी नन्हे-मुन्नों की प्रतिभा, नृत्य-संगीत सहित होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं</strong>
<strong>डीसी एवं जिला बाल कल्याण परिषद की अध्यक्ष वर्षा खांगवाल करेंगी महोत्सव का शुभारंभ</strong>
स्थानीय बाल भवन में जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से 3 से 6 नवंबर तक चार दिवसीय बाल महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को डीसी एवं जिला बाल कल्याण परिषद की अध्यक्ष वर्षा खांगवाल करेंगी। इस दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और रचनात्मक कौशल का प्रदर्शन करेंगे। जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा हुड्डा ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि बाल महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें नृत्य, संगीत, रागिनी, ललित कला, प्रश्नोत्तरी, भाषण सहित अन्य गतिविधियां शामिल रहेंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी रचनात्मक क्षमता को निखारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि बाल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य बच्चों की छिपी प्रतिभा को पहचानना, उन्हें प्रोत्साहित करना और अपनी कला एवं कौशल के प्रदर्शन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है। जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से जिला के सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों को महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें अपनी प्रतिभा को नई पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करते हैं।
