झज्जर के गौरव कादियान का UPSC-NDA में चयन, दादा-चाचा के बाद तीसरी पीढ़ी करेगी देश सेवा!
<strong>झज्जर।</strong> संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एवं नवल अकादमी (NDA & NA-1) परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया गया है। इसमें दुबलधन गांव के 'पाना बिधयान' निवासी गौरव कादियान ने सफलता हासिल कर अपने गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। देश की इस प्रतिष्ठित एवं कठिन परीक्षा में गौरव के चयन से परिजनों और ग्रामीणों में भारी उत्साह व खुशी का माहौल है।
<strong>तीसरी पीढ़ी भी करेगी देश सेवा, दादा और दोनों चाचा रह चुके हैं सेना में</strong>
गौरव कादियान की यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत के साथ-साथ उनके परिवार की गौरवशाली सैन्य विरासत का भी प्रतीक है। उनके दादा सुखबीर सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनके दोनों चाचा—रामनिवास और फूल कुमार—भी सेना में अपनी सेवाएं देकर सेवानिवृत्त हो चुके हैं। अब परिवार की तीसरी पीढ़ी से गौरव ने सेना में सैन्य अधिकारी बनने की दिशा में कदम बढ़ाकर इस गौरवमयी पारिवारिक परंपरा को आगे बढ़ाया है।
<strong>किसान पिता और गृहिणी मां के बेटे हैं गौरव </strong>
एक साधारण और सुसंस्कृत ग्रामीण परिवार से ताल्लुक रखने वाले गौरव के पिता राकेश कादियान खेती-किसानी से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता कविता एक गृहिणी हैं।
सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश के बीच पले-बढ़े गौरव ने अपनी लगन और दृढ़ संकल्प से साबित कर दिया कि यदि हौसले बुलंद हों तो हर मंजिल हासिल की जा सकती है।
वर्तमान में वे महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय से बी.ए. अंग्रेजी ऑनर्स की शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। कॉलेज की पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने सेना में जाने के अपने सपने को पूरा करने के लिए अनुशासित दिनचर्या और कठिन परिश्रम किया।
जैसा कि संघ लोक सेवा आयोग द्वारा 5 नवंबर 2026 को जारी परिणाम के अनुसार, यूपीएससी ने 12 अप्रैल 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की थी, जिसके बाद रक्षा मंत्रालय के सेवा चयन बोर्ड द्वारा साक्षात्कार संपन्न कराए गए। इन सभी चरणों के आधार पर सेना, नौसेना और वायु सेना विंग के लिए अंतिम परिणाम घोषित किए गए हैं।
