समरसता केवल एक विचार नहीं, भाजपा की मूल विचारधारा है, छत्तीस बिरादरी का भाईचारा हरियाणा की सबसे बड़ी ताकत : ओम प्रकाश धनखड़

समरसता केवल एक विचार नहीं, भाजपा की मूल विचारधारा है, छत्तीस बिरादरी का भाईचारा हरियाणा की सबसे बड़ी ताकत : ओम प्रकाश धनखड़
 

: सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज का समतामूलक समाज का संदेश हर व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत, उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाएगी समरसता संकल्प यात्रा

: पूर्ववर्ती सरकारों ने संत-महापुरुषों की विरासत को अपेक्षित महत्व नहीं दिया, भाजपा सभी समाजों के महापुरुषों को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध : धनखड़

: हरियाणा के आठ जिलों से गुजरेगी मुख्य यात्रा, झज्जर सहित शेष 15 जिलों से निकलने वाली उपयात्राएं भी होंगी शामिल

: 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र के उमरी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विशाल जनसभा, सभी वर्गों से भागीदारी का आह्वान

झज्जर, 24 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय सचिव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री श्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि समरसता केवल एक विचार नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा है। हरियाणा की छत्तीस बिरादरी का आपसी विश्वास, सम्मान और भाईचारा प्रदेश की सबसे बड़ी सामाजिक ताकत है। समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब सभी वर्ग एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनें और बिना किसी भेदभाव के आगे बढ़ें। सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज ने सदियों पहले इसी सामाजिक एकता और समानता का मार्ग दिखाया था। उनके 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा इसी महान संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अभियान है।

श्री ओम प्रकाश धनखड़ मंगलवार को झज्जर स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत की संत परंपरा ने सदैव समाज की बुराइयों को दूर करने और मानवता को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया है। सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां किसी व्यक्ति की पहचान जाति या जन्म के आधार पर नहीं, बल्कि उसके कर्म और आचरण से हो। उनकी शिक्षाओं में सामाजिक न्याय, समान अवसर, प्रेम और मानवीय गरिमा का व्यापक संदेश समाहित है।

संत-महापुरुष किसी एक समाज के नहीं, संपूर्ण मानवता की धरोहर : धनखड़

पूर्व कृषि मंत्री श्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि संत-महापुरुषों को जातियों और वर्गों की सीमाओं में बांधकर नहीं देखा जाना चाहिए। महापुरुषों के विचार किसी एक समुदाय की संपत्ति नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज की साझा विरासत होते हैं। सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की शिक्षाएं समाज की प्रत्येक बिरादरी और हर पीढ़ी के लिए समान रूप से उपयोगी हैं।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में अनेक संतों और समाज सुधारकों के योगदान को वह व्यापक सम्मान और प्राथमिकता नहीं मिल सकी, जिसके वे अधिकारी थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों ने समाज को जातियों के आधार पर बांटकर राजनीति को प्राथमिकता दी, जबकि भारतीय जनता पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और संत-महापुरुषों की साझा विरासत का सम्मान करने की नीति पर कार्य कर रही है।

श्री धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र में सामाजिक समरसता और अंत्योदय की भावना निहित है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, समान अवसर और कल्याण को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीस बिरादरी की एकजुटता ही मजबूत और समृद्ध हरियाणा का आधार है।

झज्जर सहित प्रदेश के सभी जिलों को जोड़ेगी समरसता संकल्प यात्रा

श्री ओम प्रकाश धनखड़ ने बताया कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष पर 18 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक देशव्यापी समरसता संकल्प यात्रा आयोजित की जा रही है। पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से प्रारंभ हुई यह यात्रा लगभग 2,402 किलोमीटर का सफर तय करते हुए विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित क्षेत्रों के करीब 47 शहरों से गुजरेगी तथा वाराणसी स्थित सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में संपन्न होगी।

उन्होंने बताया कि हरियाणा में यह यात्रा 25, 26 और 28 नवंबर को तीन दिनों में आठ जिलों—यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल—से होकर गुजरेगी। इसके अतिरिक्त झज्जर सहित शेष 15 जिलों से उपयात्राएं निकाली जाएंगी, जो निर्धारित स्थानों पर मुख्य यात्रा में सम्मिलित होंगी।

श्री धनखड़ ने कहा कि उपयात्राओं के माध्यम से प्रदेश के सभी 23 जिलों की सहभागिता का प्रयास किया जा रहा है। इससे मुख्य यात्रा के मार्ग से दूर रहने वाले क्षेत्रों तक भी सामाजिक समरसता का संदेश पहुंचेगा। यह आयोजन हरियाणा की विभिन्न बिरादरियों, संत समाज, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को साझा मंच प्रदान करेगा।

25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री की विशाल जनसभा

श्री ओम प्रकाश धनखड़ ने बताया कि 25 नवंबर को समरसता संकल्प यात्रा यमुनानगर से हरियाणा में प्रवेश करेगी और अंबाला होते हुए कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। कुरुक्षेत्र के उमरी में माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस आयोजन में संत समाज, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा प्रदेश की छत्तीस बिरादरी के लोगों की व्यापक भागीदारी की तैयारियां की गई हैं।

उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को यात्रा करनाल, पानीपत और सोनीपत से होकर गुजरेगी। सोनीपत के बहालगढ़ में भी जनसभा आयोजित होगी। इसके बाद 28 नवंबर को यात्रा दिल्ली से पुनः हरियाणा में प्रवेश करेगी, जहां फरीदाबाद में विशाल जनसभा के उपरांत यह पलवल और होडल होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर प्रस्थान करेगी।

समाज को जोड़ने वाली सोच ही सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की शिक्षाओं का सार

श्री धनखड़ ने कहा कि सामाजिक समरसता का अर्थ केवल एक मंच पर एकत्र होना नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के प्रति सम्मान, सहयोग और अपनत्व की भावना विकसित करना है। हमारे गांवों की सामाजिक परंपरा में छत्तीस बिरादरी के भाईचारे का विशेष महत्व रहा है। इस परंपरा को और मजबूत बनाकर ही सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के समतामूलक समाज के आदर्श को आगे बढ़ाया जा सकता है।

उन्होंने झज्जर जिले के नागरिकों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं तथा सभी बिरादरियों से समरसता संकल्प यात्रा में सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब समाज की सभी बिरादरियां एक-दूसरे के सम्मान और सहयोग के लिए खड़ी होती हैं, तभी सच्ची सामाजिक समरसता का निर्माण होता है। यही इस यात्रा का मूल संदेश है।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री विकास वाल्मीकि, जिला प्रभारी श्री हरविंदर कोहली, जिला परिषद चेयरमैन श्री कप्तान बिरधाना, बेरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रहे श्री संजय कबलाना तथा जिला महामंत्री श्री दयाकिशन सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles