डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा- एसआईआर के दौरान नाम छूटने पर नए सिरे से आवेदन कर सकते हैं नागरिक
<strong>ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम नहीं तो पूर्व मतदाता भी भरें फॉर्म-6 : डीसी</strong>
निर्वाचन आयोग ने दूर की भ्रांति, पूर्व में मतदाता सूची में नाम दर्ज होना फॉर्म-6 भरने में नहीं बनेगा बाधा
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देश अनुसार एसआईआर 2026 के दौरान यदि किसी नागरिक का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो उसे परेशान होने या किसी कानूनी कार्रवाई की आशंका रखने की जरूरत नहीं है। पूर्व में मतदाता रह चुके पात्र नागरिक भी फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। केवल इस आधार पर कि संबंधित व्यक्ति का नाम पहले मतदाता सूची में दर्ज था, उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी।
ड्राफ्ट सूची में नाम नहीं तो नए सिरे से करना होगा आवेदन डीसी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने 3 नवंबर 2026 को जारी स्पष्टीकरण में स्पष्ट किया है कि एसआईआर के दौरान प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में जिन पात्र नागरिकों के नाम शामिल नहीं हैं, उन्हें अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-6 भरकर नए सिरे से आवेदन करना होगा। यह व्यवस्था सभी पात्र नागरिकों पर समान रूप से लागू होगी, चाहे वे पहली बार मतदाता बनने के लिए आवेदन कर रहे हों या पहले भी मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज रहा हो।
<strong>फॉर्म-6 भरने पर गलत घोषणा या मुकदमे का नहीं रहेगा डर</strong> डीसी ने स्पष्ट किया कि पूर्व में मतदाता सूची में नाम दर्ज होने के बावजूद फॉर्म-6 भरना अपने आप में गलत घोषणा नहीं है। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) द्वारा केवल इस आधार पर जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत कार्रवाई नहीं की जाएगी कि आवेदक का नाम पहले मतदाता सूची में शामिल था और उसने एसआईआर के दौरान अथवा इसके बाद फॉर्म-6 प्रस्तुत किया है। हालांकि, संबंधित व्यक्ति का नाम किसी अन्य संसदीय या विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में पहले से दर्ज नहीं होना चाहिए तथा उसके द्वारा की गई घोषणा कानून के अनुरूप होनी चाहिए।
<strong>अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी मिलेगा नाम जुड़वाने का अवसर</strong> डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची में भी शामिल नहीं होता है, वे अंतिम सूची के प्रकाशन के बाद निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार आगामी विशेष अभियान अथवा मतदाता सूची के निरंतर अद्यतन के दौरान फॉर्म-6 भरकर अपना नाम शामिल करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक तक सही जानकारी पहुंचे। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि यदि एसआईआर की ड्राफ्ट मतदाता सूची में उनका नाम शामिल नहीं है, तो किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई की आशंका के बिना निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-6 भरें और मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाएं। कोई भी पात्र नागरिक जानकारी के अभाव या किसी भ्रम के कारण अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए।
