जींद की आयुषी गुप्ता का आयकर विभाग में चयन, बड़ी उपलब्धि

जींद की आयुषी गुप्ता का आयकर विभाग के दिल्ली जोन में सुपरिंटेंडेंट पद पर चयन हुआ। कभी 12वीं में जिला टॉपर रहीं आयुषी की सफलता पर अग्रवाल समाज ने खुशी जताई।
 

आयुषी गुप्ता का आयकर विभाग में चयन, अग्रवाल समाज ने दी बधाई

जींद : अखिल भारतीय अग्रवाल समाज जिला जींद के पदाधिकारी रहे व अर्बन स्टेट निवासी दीपक सिंगला की बेटी आयुषी गुप्ता का भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के अंतर्गत आयकर विभाग में चयन हुआ है। उन्हें दिल्ली जोन में सुपरिंटेंडेंट के पद पर नियुक्ति मिली है। उनकी इस उपलब्धि पर अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डा. राजकुमार गोयल व अन्य पदाधिकारियों सावर गर्ग, रामधन जैन, पवन बंसल, सोनू जैन, मनीष गर्ग, गोपाल जिंदल, रजत सिंगला, राजेश गोयल, सुशील सिंगला इत्यादि ने खुशी जताते हुए सिंगला परिवार को बधाई दी है।

आयुषी की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। परिवार के सदस्यों के अनुसार आयुषी शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने बारहवीं कक्षा में नान मेडिकल की परीक्षा में जिले में टॉप किया था। उस समय उन्हे इंडस स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में तत्कालीन वितमंत्री कैप्टन अभिमन्यू के करकमलों से एक स्कूटी भी भेट की गई थी। बारहवीं कक्षा के बाद उन्होंने मुरथल से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। बीटेक करने के बाद वह निजी क्षेत्र में नौकरी कर रही थीं। अब आयकर विभाग में चयन के साथ उन्होंने एक नई उपलब्धि हासिल की है।

इस अवसर पर अग्रवाल समाज के प्रधान राजकुमार गोयल ने कहा कि आयुषी की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणादायक है जो यह साबित करती है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित करें और उसे पाने के लिए निरंतर मेहनत करें। जब तक मंजिल हासिल न हो जाए तब तक प्रयास करना नहीं छोड़ना चाहिए।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles