नरवाना में 5 दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव शुरू, बच्चों ने मोहा मन
पाँच दिवसीय जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का भव्य शुभारंभ; बाल कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों से गुंजायमान हुआ परिसर
शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आज पाँच दिवसीय जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं (11 वर्ष से कम आयु / अंडर-11 वर्ग) का बेहद शानदार और गरिमामय माहौल में भव्य शुभारंभ हुआ। यह वृहद जिला स्तरीय आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी संतोष देवी के कुशल मार्गदर्शन एवं राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नरवाना की प्राचार्या मीनाक्षी के प्रशासनिक प्रबंधन में आयोजित किया जा रहा है, जिसका सुचारु संचालन नोडल अधिकारी अनिल शर्मा (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक-संगीत) के नेतृत्व में गठित संपूर्ण विद्यालय टीम द्वारा संपन्न हो रहा है।
उद्घाटन दिवस पर जिले भर के सरकारी और निजी विद्यालयों से आए नन्हे बाल कलाकारों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसमें चित्रकला, मोनो एक्टिंग, फैंसी ड्रेस, समूह गान, समूह नृत्य, एकल रागिनी तथा एकल नृत्य स्पर्धाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को ऊर्जावान बना दिया। समारोह के अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी संतोष देवी ने कहा कि 11 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए आयोजित यह पाँच दिवसीय महोत्सव अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास और कलात्मक अभिरुचि की नींव रखती हैं।
इसके साथ ही उन्होंने सांस्कृतिक नोडल अधिकारी अनिल शर्मा प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक - संगीत के कुशल नेतृत्व, बेहतरीन व्यवस्थापन तथा अनुशासित प्रबंधन की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए आयोजन की सफलता का श्रेय उनकी पूरी टीम के समर्पण को दिया। वहीं प्राचार्या मीनाक्षी ने प्रथम दिवस के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए पूरी टीम को आयोजन को पारदर्शी और ऐतिहासिक बनाने के लिए बधाई दी।
सांस्कृतिक नोडल अधिकारी अनिल शर्मा ने बाल कलाकारों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि आर्य बॉयज स्कूल नरवाना से संदीप शर्मा प्राध्यापक अंग्रेजी ने अपनी ओजस्वी शैली से मंच संचालन कर कार्यक्रम में नई ऊर्जा भरी; इसके साथ ही अनिल कुमार प्राध्यापक मनोविज्ञान का सुचारु प्रबंधन, व्यवस्थापन और निष्पक्ष संचालन में विशेष योगदान रहा, वहीं सवेर कौर प्राध्यापक, एन.एस.एस. के स्वयंसेवक विद्यार्थियों, बिजेंद्र गिल, कृष्ण नैन तथा सुरेंद्र नैन ने बेहतरीन सहयोग प्रदान करते हुए व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा। आयोजन को पूर्ण निष्पक्षता और पारदर्शी ढंग से संचालित करने के लिए विशेष समितियों का गठन किया गया है।
निर्णायक मंडल में संगीत के लिए जसबीर उझाना व जोनी, नृत्य के लिए बलजीत जांगड़ा व शीला, मोनो एक्टिंग के लिए सुशील व संदीप बेलरखा, फैंसी ड्रेस के लिए नीलम व बबीता और चित्रकला स्पर्धाओं के लिए विनोद धीमान व मनीष शर्मा ने जज की भूमिका निभाई। किसी भी संशय के समाधान हेतु गठित आपत्ति निवारण समिति में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नरवाना की प्राचार्या मीनाक्षी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यगण, राजेश शर्मा प्राध्यापक भाणा, अनिल कुमार प्राध्यापक एवं संदीप प्राध्यापक शामिल रहे, वहीं संपूर्ण अंक तालिका एवं रिकॉर्ड प्रबंधन की जिम्मेदारी संदीप पीजीटी, राममेहर एवं यशपाल ने कुशलतापूर्वक संभाली।
