नरवाना में राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता आज, 8 स्कूल लेंगे भाग

नरवाना में 18 अक्टूबर को भारत विकास परिषद की राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता होगी। आठ विद्यालयों की टीमें भाग लेंगी, जबकि पार्षद सतीश गोयल मुख्य अतिथि होंगे।
 

भारत विकास परिषद केशव शाखा नरवाना द्वारा राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन आज

वार्ड नंबर 12 से निर्विरोध निर्वाचित पार्षद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश गोयल होंगे मुख्य अतिथि

नरवाना, 17 अक्तूबर (नरेंद्र जेठी )

भारत विकास परिषद केशव शाखा नरवाना द्वारा राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन आज 18 अक्टूबर दिन रविवार को प्रात: 10:00 बजे श्री श्याम बाल वाटिका स्कूल हिसार रोड नरवाना में किया जाएगा। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर शाखा द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। शाखा अध्यक्ष प्रदीप कुमार गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में नरवाना क्षेत्र के 8 विद्यालयों की टीमें भाग लेंगी।

भारत विकास परिषद का मूल उद्देश्य भारतीय संस्कृति, संस्कार, सेवा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को समाज में प्रोत्साहित करना है। राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन तथा भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाता है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें राष्ट्र के प्रति गौरव और समर्पण की भावना भी जागृत करते हैं।

कार्यक्रम में प्रमुख समाजसेवी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश गोयल उझाना वाले मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वे वार्ड नंबर 12 से निर्विरोध निर्वाचित नगर पार्षद हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांतीय संस्कार संयोजक संजय चौधरी करेंगे। शाखा अध्यक्ष प्रदीप कुमार गर्ग ने बताया कि प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए परिषद परिवार के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य पूरे उत्साह, लगन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में शाखा संरक्षक सतीश सेतिया, अध्यक्ष प्रदीप कुमार गर्ग, सचिव नाथूराम गोयल, कोषाध्यक्ष अभिनव गुप्ता, सेवा गतिविधि संयोजक पवन सिंगला, संपर्क गतिविधि संयोजक वरुण गुप्ता, संस्कार गतिविधि संयोजक वेद प्रकाश वर्मा, पर्यावरण गतिविधि संयोजक पंकज चौधरी तथा प्रेस प्रवक्ता नवीन बंसल सहित परिषद परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। परिषद पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, विद्यालयों के अध्यापकों एवं परिषद परिवार के सदस्यों से आग्रह किया कि वे निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर प्रतियोगिता को सफल बनाने में अपना सहयोग दें।

About the Author

नरेन्द्र जेठी
नरेन्द्र जेठी

9447 Articles