नरवाना में धान खरीद पर सख्ती, SDM जगदीश चंद्र ने दिए निर्देश
धान खरीद प्रक्रिया में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो : एसडीएम जगदीश चंद्र
मंडियों में मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने और उठान प्रक्रिया में तेजी लाने के दिए निर्देश नरवाना, 12 अक्तूबर (विनय जेठी)
एसडीएम जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में धान खरीद सीजन की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में मार्केट कमेटी के अधिकारियों, खरीद एजेंसियों तथा ट्रांसपोर्टरों के साथ मंडियों में धान की खरीद, उठान, भुगतान और किसानों को उपलब्ध करवायी जा रही सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गयी।
एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जाए, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। एसडीएम जगदीश चंद्र ने कहा कि धान खरीद सीजन के दौरान किसानों की सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग और एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ कार्य करें तथा खरीद प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को मंडियों में अनावश्यक रूप से इंतजार न करना पड़े और न ही किसी कार्य के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ें। इसके लिए अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने के निर्देश दिये गये। बैठक में मंडियों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए एसडीएम ने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, शौचालय और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। मंडियों में आने वाले किसानों को खरीद प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध करवायी जाये।
उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंडी परिसर में व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है, ताकि फसल लेकर आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। धान खरीद व्यवस्था की समीक्षा के दौरान एसडीएम ने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि सरकार द्वारा निर्धारित नियमों और मापदंडों के अनुसार फसल की खरीद सुनिश्चित की जाये। गुणवत्ता की जांच निर्धारित मानकों के अनुरूप की जाए और किसानों को इससे संबंधित प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दी जाए।
उन्होंने कहा कि खरीद कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ-साथ किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाये। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। एसडीएम ने मंडियों में खरीदे गए धान के उठान को लेकर भी विशेष निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि फसल की आवक के अनुरूप उठान की व्यवस्था बनाए रखी जाये, ताकि मंडियों में धान का अनावश्यक जमाव न हो और नई फसल लेकर आने वाले किसानों को पर्याप्त स्थान मिल सके।
इसके लिए खरीद एजेंसियों और ट्रांसपोर्टरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाये। उन्होंने अधिकारियों को खरीद, उठान और भुगतान की प्रक्रिया में तालमेल बनाए रखने तथा किसी भी समस्या का समय रहते समाधान करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि धान खरीद सीजन के दौरान प्रशासन, मार्केट कमेटी, खरीद एजेंसियों और परिवहन व्यवस्था से जुड़े सभी लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी नियमित रूप से व्यवस्थाओं की समीक्षा करें और किसानों को सरकारी प्रावधानों के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
यदि खरीद प्रक्रिया के दौरान कोई व्यावहारिक समस्या सामने आती है तो उसे तुरंत प्रशासन के संज्ञान में लाया जाये, ताकि उसका समयबद्ध समाधान किया जा सके। एसडीएम ने क्षेत्र के किसानों से भी अपील की कि वे अपनी धान की फसल साफ और निर्धारित मानकों के अनुरूप सुखाकर मंडियों में लेकर आएं, जिससे खरीद प्रक्रिया सुचारू बनी रहे। उन्होंने कहा कि किसानों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय से धान खरीद सीजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाया जा सकता है बैठक में नायब तहसीलदार रणवीर सिंह, बीडीपीओ तरुण सुथार, सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी अजय कुमार, निरीक्षक वेयरहाउस पवन कुमार, मार्केट कमेटी सचिव रोशन लाल, ट्रांसपोर्टर जोरा सिंह डुमरखां सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
