नरवाना: पराली जलाने पर एसडीएम की सख्त चेतावनी, लापरवाहों पर होगी कार्रवाई
फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर एसडीएम जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पटवारी, कानूनगो, ग्राम सचिव तथा विभिन्न गांवों के सरपंचों ने भाग लिया। इस अवसर पर डीएसपी कमलदीप राणा, नायब तहसीलदार रणबीर सिंह तथा कृषि विभाग के एसडीओ डॉ. सुनील दलाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उपमंडल में फसल अवशेष जलाने की घटनाओं पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाने, किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक करने तथा सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही कृषि मशीनरी का अधिक से अधिक उपयोग सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। एसडीएम जगदीश चंद्र ने कहा कि पिछले दो-चार दिनों के दौरान खेतों में फसल अवशेष जलाने की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिली है, जिसके कारण वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। फसल अवशेष जलाने से पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ आमजन के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की घटनाओं को रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम ने सभी पटवारियों, कानूनगो और ग्राम सचिवों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में नियमित रूप से फील्ड में रहकर निगरानी सुनिश्चित करें। संबंधित कर्मचारी गांवों में जाकर किसानों को फसल अवशेष न जलाने के प्रति जागरूक करें तथा आगजनी की किसी भी घटना की सूचना मिलते ही तुरंत आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जिम्मेदारी केवल कार्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें अपने कार्यक्षेत्र में सक्रिय रहकर सरकार के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करनी होगी। यदि कोई कर्मचारी निर्धारित समय पर फील्ड में या अपने आवंटित गांव में अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने ग्राम सरपंचों से भी प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि गांवों में किसानों के साथ समन्वय स्थापित कर उन्हें फसल अवशेष प्रबंधन के वैकल्पिक तरीकों के बारे में जानकारी दें। पंचायत प्रतिनिधि इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि गांवों में जागरूकता के माध्यम से पराली जलाने की घटनाओं को पूरी तरह रोका जा सके।एसडीएम जगदीश चंद्र ने किसानों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे धान की फसल के अवशेषों को खेतों में आग न लगाएं। पराली जलाना पर्यावरण और मिट्टी की उर्वरा शक्ति दोनों के लिए नुकसानदायक है। फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करके किसान न केवल पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दे सकते हैं, बल्कि कृषि भूमि की गुणवत्ता को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिन किसानों के खेतों में अभी धान के अवशेष शेष हैं, वे अपने गांव के सरपंच से संपर्क कर कृषि विभाग के माध्यम से उपलब्ध करवाई जा रही बेलर मशीन की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। बेलर मशीन के माध्यम से धान के अवशेषों की गांठें तैयार करवाई जा सकती हैं, जिससे पराली का उचित प्रबंधन संभव होगा और खेतों में आग लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। एसडीएम ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वे गेहूं की बिजाई सुपर सीडर और हैप्पी सीडर जैसी आधुनिक कृषि मशीनों के माध्यम से करें। इन मशीनों की सहायता से धान के अवशेषों का उचित प्रबंधन करते हुए गेहूं की बिजाई की जा सकती है। इससे फसल अवशेषों को जलाने की समस्या से बचा जा सकता है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि फसल अवशेष प्रबंधन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें किसानों, ग्राम पंचायतों, कृषि विभाग और सभी संबंधित विभागों की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि उपमंडल में कहीं भी फसल अवशेष जलाने की घटना न हो।
