नरवाना: सुलेहड़ा में आयुष मेगा शिविर, 180 मरीजों की जांच
नरवाना के सुलेहड़ा गांव में आयुष मेगा शिविर के दौरान 180 मरीजों की स्वास्थ्य जांच हुई। शुगर, बीपी जांच के साथ 100 पौधे बांटे गए और जरूरतमंदों को दवाइयां मिलीं।
# ग्राम सुलेहड़ा के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में आयुष मेगा शिविर का आयोजन स्वास्थ्य जांच, शुगर एवं बीपी की जांच, आयुष चिकित्सा, फलदार, फूलदार एवं औषधीय पौधों का वितरण, पौधारोपण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा पोषण सामग्री वितरण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित 180 रोगियों की स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा व जरूरतमंद रोगियों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाई नरवाना, 17 अक्तूबर /नरवाना के ताजा समाचार वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र जेठी के साथ आयुष विभाग द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुष ग्राम सुलेहड़ा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में आयुष मेगा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान स्वास्थ्य जांच, शुगर एवं बीपी की जांच, आयुष चिकित्सा, फलदार, फूलदार एवं औषधीय पौधों का वितरण, पौधारोपण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा पोषण सामग्री वितरण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की गईं। शिविर के संयोजक आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी एवं जिला योग कोऑर्डिनेटर डॉ. योगेश कुमार ने बताया कि जिला आयुर्वेदिक अधिकारी जींद डॉ. अमित रोहिला के निर्देशानुसार आयोजित इस आयुष मेगा शिविर में कुल 180 रोगियों की स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा की गई। शिविर में ग्रामीणों के शुगर एवं ब्लड प्रेशर की जांच की गई तथा जरूरतमंद रोगियों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना तथा आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं औषधीय पौधों के महत्व को बढ़ावा देने के लिए 100 फलदार, फूलदार एवं औषधीय पौधों का वितरण किया गया। इसके साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिर के प्रांगण में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। ग्रामीणों को पौधों के संरक्षण, औषधीय पौधों के महत्व तथा उनके उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी गई। स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता गतिविधियों के तहत लाभार्थियों को पोषण सामग्री के रूप में च्यवनप्राश एवं त्रिफला घृत वितरित किए गए। डॉ. योगेश कुमार ने ग्रामीणों को संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, ऋतुचर्या, स्वच्छता, रोगों से बचाव तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच के साथ योग एवं प्राणायाम को दैनिक जीवन में शामिल करने का आह्वान किया। शिविर के संचालन में आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट जयपाल ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने रोगियों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाने के साथ-साथ योग एवं प्राणायाम के महत्व के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पार्ट टाइम वर्कर सतबीर सिंह एवं चरण सिंह तथा स्वयंसेवक अभिषेक एवं गांधी राम का विशेष योगदान रहा। शिविर में गांव सुलेहड़ा के अतिरिक्त आसपास के गांवों से आए ग्रामीणों ने भी भाग लिया और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।