Jind News: जींद के खरकड़ा में शराब पीकर स्कूल पहुंचा शिक्षक, सुबह 11:30 बजे ही कर दी छुट्टी; ग्रामीणों ने बनाया वीडियो

Jind News: जींद के खरकड़ा में शराब पीकर स्कूल पहुंचा शिक्षक, सुबह 11:30 बजे ही कर दी छुट्टी; ग्रामीणों ने बनाया वीडियो
 

<strong>जींद:</strong> हरियाणा के जींद जिले के अंतर्गत आने वाले गांव खरकड़ा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। शनिवार को स्कूल में तैनात एक शिक्षक कथित तौर पर अत्यधिक शराब के नशे में स्कूल पहुंच गया। उसने नशे की हालत में सुबह 11:30 बजे ही स्कूल की छुट्टी कर दी और बच्चों को घर भेज दिया। इस पूरी घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और पंचायत ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।

<strong>नशे में स्कूटी से गिरा शिक्षक, ग्रामीणों ने बनाया वीडियो</strong>

गांव के सरपंच सरदार निरवैल सिंह ने बताया कि शिक्षक की इस हरकत से ग्रामीण स्तब्ध हैं। नशे में धुत अध्यापक जब समय से पहले स्कूल बंद करके निकलने लगा, तो वह मुख्य द्वार (Main Gate) पर ही कई बार अपनी स्कूटी समेत नीचे गिर पड़ा।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शिक्षक की इस स्थिति का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सरपंच ने कहा कि स्कूल बच्चों के भविष्य की नींव रखने का मंदिर है और इस तरह की गंभीर लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

नामांकन में सुधार: सरपंच ने बताया कि पहले इस स्कूल में केवल 8 विद्यार्थी थे। बाद में दूसरी अध्यापिका के आने और प्रयासों के बाद इस साल छात्रों की संख्या बढ़कर 18 हुई है। ऐसे में एक शिक्षक की गैर-जिम्मेदाराना हरकत बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

<strong>प्रशासनिक जांच और विभागीय बयान</strong>

मामले की सूचना मिलने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है।

कार्यवाहक ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (ABEO) सुरेंद्र सिंह ने बताया कि खरकड़ा स्कूल का ड्राइंग एंड डिसबर्सिंग (DD) पावर रताखेड़ा स्कूल के प्राचार्य अश्वनी सैनी के पास है। दोपहर करीब 1:30 बजे घटना की सूचना मिलते ही जांच के लिए स्कूल में दो अध्यापकों को भेजा गया था।

दवाइयों की बात आई सामने: शुरुआती पूछताछ में संबंधित अध्यापक की ओर से हार्ट (हृदय रोग) की दवाइयां चलने का तर्क दिया गया है, जिसकी वजह से चक्कर आने की बात कही गई।

मंगलवार को तलब: शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच की जाएगी। आरोपी अध्यापक को मंगलवार को विभाग के समक्ष व्यक्तिगत रूप से पेश होने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles