कैथल में अग्रसेन जयंती से पहले डांडिया उत्सव, थिरकीं महिलाएं

कैथल में महाराजा अग्रसेन जयंती से पहले महिलाओं ने मेहंदी रचाई और डांडिया खेला। अशोक गोयल ने शुभारंभ किया, सुरभी गर्ग ने की शिरकत। जानें महोत्सव की तैयारियां।
महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव से पहले अग्रवाल समाज की महिलाओं ने रचाई मेहंदी, डांडिया उत्सव में जमकर थिरकीं मातृशक्ति अग्रवाल युवा सभा के प्रधान अशोक गोयल ने रिबन काटकर किया शुभारंभ, नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभी गर्ग ने की शिरकत राजकुमार अग्रवाल /16 अक्टूबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स कैथल महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव को लेकर अग्रवाल समाज में उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है। इसी कड़ी में 17 अक्टूबर को भाई उदय सिंह किला, कमेटी चौक पर आयोजित होने वाले महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव से एक दिन पहले शुक्रवार को जींद रोड स्थित अग्रसेन धर्मशाला में अग्रवाल समाज की मातृशक्ति की ओर से मेहंदी एवं डांडिया उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पारंपरिक गीत-संगीत की धुनों पर डांडिया खेलकर उत्सव की खुशियों को दोगुना कर दिया। पूरा परिसर उत्साह, उमंग और सामाजिक एकता के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रवाल युवा सभा के प्रधान अशोक गोयल ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर नगर परिषद कैथल की चेयरपर्सन सुरभी गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं। अग्रवाल युवा सभा की महिला विंग की प्रधान अंजू बंसल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने अतिथियों का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया। इसके बाद मेहंदी और डांडिया उत्सव की गतिविधियां शुरू हुईं, जिनमें महिलाओं ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। उत्सव के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के हाथों पर सुंदर मेहंदी रचाई। वहीं, डांडिया की पारंपरिक धुनों पर समूह में नृत्य करते हुए सभी ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं की भागीदारी ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी। डांडिया के दौरान महिलाओं का उत्साह देखते ही बनता था। संगीत की लय के साथ ताल मिलाती महिलाओं ने महाराजा अग्रसेन जयंती के स्वागत में अपनी खुशी का इजहार किया।
चेयरपर्सन सुरभी गर्ग ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव से पहले समाज की महिलाओं को एक मंच पर एकत्रित करना तथा सामाजिक मेलजोल, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करना रहा। ऐसे आयोजन समाज की नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी प्रदान करते हैं। अग्रवाल युवा सभा महिला विंग की प्रधान अंजू बंसल ने कहा कि अग्रवाल समाज में महाराजा अग्रसेन जयंती को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। अग्रवाल युवा सभा की ओर से जयंती महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। अग्रवाल युवा सभा के प्रधान अशोक गोयल ने कहा कि 17 अक्टूबर शनिवार को भाई उदय सिंह किला, कमेटी चौक, कैथल में महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर विशेष आमंत्रित हास्य कवियों का कवि सम्मेलन भी होगा। उन्होंने कहा कि आज मेहंदी एवं डांडिया उत्सव ने जयंती महोत्सव से पहले ही उत्सव का माहौल बना दिया। सैकड़ों की संख्या में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों में मातृशक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। पूरे कार्यक्रम में उल्लास और उत्साह का माहौल रहा तथा महिलाओं ने मिलकर महाराजा अग्रसेन जयंती को यादगार बनाने की भावना के साथ उत्सव में भाग लिया।

About the Author

राजकुमार अग्रवाल
राजकुमार अग्रवाल

9447 Articles