कैथल में बिजली कर्मचारियों का हल्लाबोल, दिवाली पर वेतन क्यों रोका?
सैलरी व दिवाली टोकन न मिलने पर भड़के अनुबंधित विद्युत कर्मचारी, HVPN कार्यालय पर किया जोरदार प्रदर्शन
- प्रशासन ने मानी अपनी गलती, हर माह की 4 तारीख तक सैलरी देने और जिम्मेदार स्टाफ को वार्निंग लेटर जारी करने के निर्देश
कैथल (तरसेम सिंह):
दिवाली के पावन पर्व पर भी वेतन और दिवाली टोकन न मिलने से नाराज अनुबंधित विद्युत कर्मचारियों ने मंगलवार को हरियाणा विदयुत प्रसारण निगम (HVPN) के कैथल कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने प्रशासन और संबंधित प्रशासनिक स्टाफ (डिप्टी, हेड और अकाउंटेंट) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना कड़ा रोष जताया।
अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा (संबंधित भारतीय मजदूर संघ) जिला कैथल के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष दर्शन पुनिया ने की, जबकि मंच का संचालन जिला सचिव बेअंत मोर ने किया।
बड़ी संख्या में पहुंचे कर्मचारी नेता
प्रदर्शन में जिलेभर के कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाई। इस दौरान जिला संगठनकर्ता सुरजीत, जिला कैशियर परवीन, जिला कार्यकारिणी सदस्य मनीष, गुहला यूनिट सचिव जोगिंद्र, सीवन सब-डिवीजन सचिव नरेश, कोषाध्यक्ष नरेश बेनीवाल, उपाध्यक्ष रिंकू और ढांढ सब-डिवीजन सचिव धर्मेंद्र सहित HVPN एवं UHBVN के तमाम कर्मचारी साथी मौजूद रहे।
प्रशासन ने मानी गलती, बनी सहमति
कर्मचारियों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए HVPN के एक्सइएन (XEN) ने तुरंत संघ के प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए बुलाया। बैठक के दौरान एक्सइएन ने त्यौहार के समय सैलरी और दिवाली टोकन जारी न कर पाने की प्रशासनिक लापरवाही को स्वीकार किया।
वार्ता के बाद निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर सहमति बनी:
- चेतावनी पत्र जारी: भविष्य में ऐसी लापरवाही न दोहराने के लिए संबंधित जिम्मेदार स्टाफ को वार्निंग लेटर जारी करने के निर्देश दिए गए।
- समय पर वेतन: आगामी महीनों से सभी कर्मचारियों का वेतन हर माह की 4 तारीख तक अनिवार्य रूप से जारी किया जाएगा।
- स्थानीय समस्याओं का समाधान: TRIG कंपनी का पेंडिंग ईपीएफ (EPF) बैकलॉग क्लियर करने के लिए पत्र जारी किया गया और ट्रांसमिशन लाइन (TL) के साथियों का बकाया यात्रा भत्ता (TA) तुरंत प्रभाव से जारी करने के आदेश दिए गए।
अधिकारियों द्वारा मांगों पर त्वरित कार्रवाई के ठोस आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में कर्मचारियों के अधिकारों और समय पर वेतन वितरण में कोई कोताही बरती गई, तो संगठन दोबारा उग्र आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा।
