कैथल में वोट चोरी पर कांग्रेस का हमला, ज्ञानेश कुमार से मांगा जवाब

कैथल के गांव पाड़ला में वोट बचाओ देश बचाओ अभियान शुरू हुआ। सांसद कर्मवीर सिंह बौद्ध और विधायक आदित्य सुरजेवाला ने भाजपा, चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार पर तीखे सवाल उठाए।

वोट बचाओ देश बचाओ को लेकर कांग्रेस पार्टी का गाँव पाड़ला में चौपाल अभियान

राज्यसभा सांसद कर्मवीर सिंह बौद्ध और विधायक आदित्य सुरजेवाला का भाजपा और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर करारा प्रहार; “12 साल में एक भी वायदा पूरा नहीं किया… अब वोट चोरी और धांधली से सत्ता बचाने की साजिश”

कैथल, 13 नवंबर

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा हरियाणा में चल रहे वोट बचाओ देश बचाओ अभियान के तहत आज गांव पाड़ला से चौपाल अभियान की शुरुआत की गई। कैथल में लगाए गए ऑब्जर्वर राज्यसभा सांसद कर्मवीर सिंह बौद्ध और कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने भाजपा सरकार तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर जमकर हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि अधूरे वायदों और जनता के गुस्से से घबराई भाजपा अब सत्ता बचाने के लिए वोट चोरी और चुनाव धांधली का सहारा ले रही है। दोनों नेताओं ने साफ कहा कि लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

राज्यसभा सांसद कर्मवीर सिंह बौद्ध ने चौपाल अभियान में सभा को संबोधित करते हुए कहा भाजपा के झूठे वायदों और जनता के बढ़ते गुस्से के कारण आज भाजपा किसान, मजदूर, महिला, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और युवाओं के वोट काटने में लगी हुई है। सत्ता बचाने के लिए चुनाव प्रक्रिया में धांधली और वोट चोरी का सहारा लिया जा रहा है।

उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जनता को यह हक है कि वह जाने कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से हो रहे हैं या नहीं।

आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा 2014 में बड़े-बड़े वादों के साथ सत्ता में आई थी। किसानों की आय दुगुनी करने, हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और हर व्यक्ति के बैंक खाते में 15 लाख रुपये डालने का वादा करके जनता से वोट मांगे गए थे। लेकिन 12 लंबे साल बीत जाने के बाद भी इनमें से एक भी वादा जमीन पर नहीं उतरा।

उन्होंने विस्तार से बताया कि किसानों की आय दुगुनी करने की जगह उनकी लागत लगातार बढ़ती गई, बिजली के बिल आसमान छूने लगे, किसानों को फसलों को औने पौने रेट पर बेचनी पड़ रहा है और कर्ज का बोझ और बढ़ गया। हर साल 2 करोड़ रोजगार देने का दावा सिर्फ प्रेस कॉन्फ्रेंस और भाषणों तक सीमित रह गया। युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर अपराध बढ़े, महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं में कोई ठोस कमी नहीं आई। और 15 लाख रुपये का वादा तो महज चुनावी जुमला साबित हुआ, जिसका कोई अता-पता नहीं।

दोनों नेताओं ने कहा कि जनता अब इन झूठे वायदों और लोकतंत्र के साथ हो रहे खिलवाड़ को अच्छी तरह समझ चुकी है। ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के जरिए कांग्रेस पार्टी गांव-गांव और घर-घर जाकर मतदाताओं को जागरूक कर रही है ताकि कोई भी अपना वोट चोरी और कटने न दे। गांव पाड़ला से शुरू हुए इस अभियान को अब पूरे कैथल जिले में तेजी से बढ़ाया जा रहा है।

आदित्य सुरजेवाला और कर्मवीर सिंह बौद्ध ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता का गुस्सा अब वोट के रूप में सामने आएगा। भाजपा को अपने अधूरे वायदों, झूठे जुमलों और लोकतंत्र के साथ किए जा रहे खिलवाड़ का जवाब देना ही होगा। दोनों नेताओं ने सभी वर्गों के लोगों से अपील की कि वे जागरूक रहें, अपना वोट सुरक्षित रखें और देश व लोकतंत्र की रक्षा के लिए सही फैसला करें।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ढाँड ने कहा कि वोट चोरी और मतदाता सूची की गड़बड़ियों ने लोकतंत्र को कमजोर कर दिया है। हम जिला स्तर पर भी इस लड़ाई को और मजबूत करेंगे। हर बूथ, हर गांव में जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और चुनाव आयोग अपनी विश्वसनीयता वापस हासिल करे। कांग्रेस जिले की जनता के साथ खड़ी है और रहेगी। इस अवसर पर सुदीप सुरजेवाला, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जोरा सिनंद, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश रोड, जाट धर्मशाला प्रधान रोशन पाड़ला, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन जिला अध्यक्ष कर्मवीर शर्मा खुराना, बृजलाल राणा, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष कुलदीप चहल दिल्लोंवाली, युवा जिलाध्यक्ष कविश मिड्डा, रामभज सरपंच, पीरथी सिन्दड़, प्रेम पूर्व सरपंच, बलदेव पाड़ला, विनोद सैंसी, विकास सिरोही, अनिल सिंदड़, सतपाल सैंसी, बलवान कुराड़, दलीप रूहल, प्रताप चहल, श्रवण शर्मा, राज राणा, श्रीभगवान शर्मा, विक्की भोला, लख्मी पबनावा, जितेंद्र गढ़ी, ऋषि, सतीश नायडू, चन्द्रमणि शर्मा, डॉ नरेश, सुभाष बाबालदाना, बलवान सजूमा, लाभ सिंह गुहना, ईश्वर गोयत, सुखदेव धारीवाल, अंग्रेज राणा व अन्य ग्रामवासी मौजूद रहे।

About the Author