कैथल में वोट बचाओ अभियान तेज, कर्मवीर बौद्ध ने उठाए सवाल

कैथल में वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत सांसद कर्मवीर बौद्ध ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने क्या संकल्प लिया?

वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के तहत कैथल में विशेष प्रेस वार्ता आयोजित

राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध ने उठाए मताधिकार की सुरक्षा के सवाल

कैथल, 5 नवंबर

कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के अंतर्गत चौपाल कार्यक्रम के तहत पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, कैथल में एक विशेष प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में मुख्य वक्ता के रूप में राज्यसभा सांसद एवं कैथल के पर्यवेक्षक कर्मवीर बौद्ध उपस्थित रहे।

इस अवसर पर गुहला-चीका से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस, जिला कांग्रेस कमेटी कैथल के अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर सहित कांग्रेस पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक व्यवस्था और आम नागरिकों के मताधिकार को कमजोर करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश में वोट चोरी का मुद्दा लोकतंत्र के सामने एक गंभीर सवाल बनकर उभरा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तथ्यों और आंकड़ों के माध्यम से देश के सामने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया है। कांग्रेस पार्टी लगातार यह सवाल उठा रही है कि किस प्रकार नागरिकों के वोट देने के अधिकार और चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता की रक्षा की जाए।

कर्मवीर बौद्ध ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का वोट सुरक्षित होना और चुनाव आयोग का निष्पक्ष रहना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी द्वारा वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के माध्यम से जनता को जागरूक किया जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी कैथल के अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ने की। उन्होंने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर रचनात्मक कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुरेश रोड, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जोरा सिंह सिनंद, युवा उपाध्यक्ष राहुल गोरसी, सेवादल कांग्रेस जिला अध्यक्ष बिक्रम सिंह, केकेसी जिला अध्यक्ष मा मेहर सिंह, लख्मीचंद पबनावा, महिला कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष सुशीला शर्मा, कैथल ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप चहल, ब्लाक अध्यक्ष कलायत दलबीर सिंह, जिला अध्यक्ष पंचायत राज कर्मवीर शर्मा, जिला महासचिव रामनिवास मेहरा, करनैल दयोरा, डा सतपाल साकरा, ईश्वर जांगडा, शीशपाल करोडा, विक्रम ढुल, सरदार रुपिंदर सिंह, रामनिवास, हरी प्रकाश जांगडा, राजपाल आर्य, जगत राम पूनिया व काफी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे। सभी उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए एकजुट होकर अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

About the Author