सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी : भगवानदास कबीरपंथी
तरावड़ी, 7 अक्तूबर (कमल शर्मा)। भारतीय जनता पार्टी के तरावड़ी स्थित कार्यालय में विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में संगठन की मजबूती, केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा जमीनी स्तर पर पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करवाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे मजबूत कड़ी है। केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा आमजन के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता केवल संगठन तक सीमित न रहें, बल्कि बूथ स्तर तक जाकर लोगों से सीधा संवाद करें और उन्हें सरकार की योजनाओं, नीतियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करना चाहिए। विधायक कबीरपंथी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। कार्यकर्ताओं की मेहनत, ईमानदारी और निरंतर सक्रियता के कारण भाजपा संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाला संगठन नहीं, बल्कि वर्षभर जनता के बीच रहकर सेवा और संगठन के माध्यम से काम करने वाली पार्टी है। बैठक के दौरान विधायक ने कार्यकर्ताओं से उनके क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी ली और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठन की कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
भगवानदास कबीरपंथी ने कहा कि कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच सेतु की भूमिका निभाएं। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ और क्षेत्र के लोगों से निरंतर संपर्क बनाए रखे तथा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करे। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं के दम पर भाजपा आने वाले समय में और अधिक मजबूती के साथ जनता की सेवा करेगी। इस अवसर पर भाजपा जिला उप प्रधान संयोगिता गुप्ता, रजनी शर्मा, देवेंद्र कामरा, मंडल अध्यक्ष रणजीत भारद्वाज, महामंत्री सुभाष कश्यप, संजय सैन, पार्षद ओमप्रकाश मल्होत्रा, राजेश छाबड़ा, उमेश शर्मा, राकेश चौहान व पंकज ठाकुर समेत भाजपा से जुड़े अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
