खाटू श्याम मंदिर के प्रति लगातार बढ़ रही श्याम प्रेमियों की आस्था : प्रमोद बंसल

खाटू श्याम मंदिर के प्रति लगातार बढ़ रही श्याम प्रेमियों की आस्था : प्रमोद बंसल
 

तरावड़ी, 7 अक्टूबर (कमल शर्मा)। इंदिरा एकादशी के पावन अवसर पर तरावड़ी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में श्री खाटू श्याम लखदातार परिवार चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से भव्य संकीर्तन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। संकीर्तन में बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों ने पहुंचकर बाबा खाटू श्याम के चरणों में शीश नवाया और भजनों का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित विशाल भंडारे में भी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

संकीर्तन में करनाल से भजन गायिका साधना सरगम तथा तरावड़ी से ईश्वर जांगड़ा ने देर रात तक खाटू श्याम के भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। भजनों पर श्याम प्रेमी झूमते और बाबा के जयकारे लगाते नजर आए। मंदिर परिसर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। श्री खाटू श्याम लखदातार परिवार चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी प्रमोद बंसल ने कहा कि बाबा खाटू श्याम के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि तरावड़ी के खाटू श्याम मंदिर में केवल एकादशी के अवसर पर ही नहीं, बल्कि प्रत्येक दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

उन्होंने कहा कि ट्रस्ट की ओर से हर एकादशी पर संकीर्तन एवं भंडारे का आयोजन इसी उद्देश्य से किया जाता है कि अधिक से अधिक श्याम प्रेमी एक साथ बाबा की भक्ति में शामिल हो सकें। उन्होंने कहा कि बाबा खाटू श्याम की कृपा से धार्मिक आयोजनों में लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर धार्मिक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए ट्रस्ट निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर ट्रस्ट के ट्रस्टी प्रमोद बंसल, विनीत बंसल, अशोक बंसल, नितेश मंगल, अंकुर गर्ग, संयोगिता गुप्ता, सुमन बंसल व पिंकी कककड़ सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं श्याम प्रेमी मौजूद रहे।

About the Author

रोहित लामसर
रोहित लामसर

9447 Articles