सांभली गौशाला में 17 नवंबर को मनेगा गोपाष्टमी महोत्सव, सजेगी मां भगवती की चौकी

तरावड़ी के सांभली गांव में 17 नवंबर को गोपाष्टमी महोत्सव, हवन-यज्ञ और विशाल मां भगवती चौकी का भव्य आयोजन किया जाएगा।
 

तरावड़ी के सांभली गांव में आगामी 17 नवंबर को भक्ति और गौ सेवा का एक अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। मनोकामना सिद्ध श्री वृंदावन धाम गौशाला में गोपाष्टमी महोत्सव के पावन अवसर पर भव्य हवन-यज्ञ, गौ माता पूजन और एक विशाल मां भगवती चौकी का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण धार्मिक उत्सव की तैयारियों को लेकर गांव में एक विशेष बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई।

गौशाला के प्रधान गौरव गर्ग और उप-प्रधान रजत गर्ग ने बताया कि इस महोत्सव को भव्य बनाने के लिए सभी तैयारियां जोरों पर हैं। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-यज्ञ से होगी, जिसके तुरंत बाद 11 बजे गौ माता का विधिवत पूजन किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अखंड भंडारे का भी विशेष प्रबंध किया गया है।

प्रसिद्ध भजन गायकों की प्रस्तुतियों से भक्तिमय होगा माहौल

दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मां भगवती की चौकी की ज्योति प्रज्वलित की जाएगी, जिसके बाद भजन-कीर्तन का सिलसिला शुरू होगा। इस धार्मिक आयोजन में हेमंत ललित, बिन्नी भैया, शीतल शर्मा और मुंबई से विशेष रूप से आईं गायिका ईशानी हिंगे अपनी मधुर भजनों की प्रस्तुतियों से भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगी।

इस भव्य महोत्सव में नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी, सांसद मनोहर लाल खट्टर के ओएसडी कविन्द्र राणा, भाजपा नेता बृजभूषण गुप्ता और गोल्डन हट ग्रुप के चेयरमैन राम सिंह राणा सहित कई गणमान्य हस्तियां मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। गौशाला प्रबंधन ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गौ सेवा और मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया है।

About the Author

रोहित लामसर
रोहित लामसर

9447 Articles