तरावड़ी में दीपावली की रात खूनी संघर्ष, कस्सी से वार कर राइस मिल के फोरमैन की हत्या

तरावड़ी के सग्गा गांव की राइस मिल में दीपावली की रात पटाखे चलाने को लेकर विवाद खूनी संघर्ष में बदला। फोरमैन राधे श्याम की कस्सी से हमला कर हत्या, पुलिस ने एक आरोपी पकड़ा। जानिए पूरी वारदात और जांच में सामने आई अहम बातें।
 

दीपावली की रात खूनी संघर्ष, कस्सी से वार कर राइस मिल के फोरमैन की हत्या

पटाखे चलाने को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद, रॉयल स्टैग व्हिस्की की पार्टी के दौरान बढ़ा झगड़ा, पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया

तरावड़ी, 9 नवंबर (रोहित लामसर)। दीपावली के त्योहार की रात तरावड़ी के नजदीक सग्गा स्थित एक राइस मिल में खूनी संघर्ष हो गया। पटाखे चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने राइस मिल में ड्रेल के फोरमैन के पद पर कार्यरत राधे श्याम पर कस्सी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल राधे श्याम की मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात राइस मिल में पटाखे चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जिसने देखते ही देखते झगड़े का रूप ले लिया। इसी दौरान राधे श्याम पर कस्सी से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सोनू नरवाल और थाना प्रभारी जगदीश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सनी कस्सी भी बरामद की है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के मोर्चरी हाउस में भिजवा दिया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को काबू किया है। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में मामले की जांच जारी है। हत्या के पीछे की पूरी वजह और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

About the Author

रोहित लामसर
रोहित लामसर

9447 Articles