कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय: 16 राज्यों के युवाओं का संगम, राष्ट्रीय एकता शिविर शुरू

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 16 राज्यों के 200 स्वयंसेवकों के साथ राष्ट्रीय एकता शिविर शुरू। कुलपति ने युवाओं को रोजगार सृजक बनने की सलाह दी।
 

<strong>16 राज्यों के 200 स्वयंसेवकों की सहभागिता से कुवि में राष्ट्रीय एकता शिविर का शुभारंभ</strong>

शशि अरोड़ा /अटल हिन्द

कुरुक्षेत्र/12 नवंबर 2026/

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में 10 से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय एकता शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर के शिविर में देश के 16 राज्यों से आए लगभग 200 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। शिविर का उद्देश्य विभिन्न राज्यों के युवाओं को साझा मंच प्रदान कर उनमें राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समन्वय, आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव एवं राष्ट्रीय चेतना की भावना को सुदृढ़ करना है। राष्ट्रीय एकता शिविर के उद्घाटन सत्र में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विभिन्न राज्यों से आए स्वयंसेवकों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार के अवसर सृजित करने वाला बनना चाहिए। युवाओं को अपने भविष्य के प्रति दूरदर्शी दृष्टिकोण अपनाते हुए समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने आपसी मेलजोल, संवाद कौशल, सकारात्मक सोच एवं मानवीय संबंधों के महत्व पर बल देते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के साथ-साथ एक संवेदनशील, जिम्मेदार और श्रेष्ठ इंसान बनना भी आवश्यक है। प्रो.  सोमनाथ  सचदेवा ने कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत, विविधता में एकता और सांस्कृतिक एकीकरण की भावना ही भारत की वास्तविक शक्ति है। इस प्रकार के राष्ट्रीय आयोजन युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, भाषा और परंपराओं को समझने तथा राष्ट्रीय एकता के सूत्र में बंधने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने एनएसएस के आदर्श वाक्य मैं नहीं, बल्कि आप (नॉट मी, बट यू) का उल्लेख करते हुए स्वयंसेवकों को व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर समाज सेवा एवं राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। शिविर के दौरान श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें सभी कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच आहुतियां डालकर विश्व शांति, सुख-समृद्धि, समाज की खुशहाली एवं शिविर की सफलता की कामना की। इस अवसर पर सभी ने सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प भी लिया। शिविर का एक प्रमुख आकर्षण भव्य शोभायात्रा रही, जिसमें सभी 16 राज्यों के स्वयंसेवकों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा, लोकसंस्कृति, रीति-रिवाजों एवं क्षेत्रीय विशेषताओं के माध्यम से अपने-अपने राज्यों का प्रतिनिधित्व किया। शोभायात्रा में भारतीय संस्कृति के विविध रंगों का सुंदर संगम देखने को मिला। विभिन्न भाषाओं, परिधानों और परंपराओं के बावजूद प्रतिभागियों में एकता, अपनत्व और राष्ट्रीय गौरव की भावना दिखाई दी।

कार्यक्रम समन्वयक प्रो. आनंद कुमार ने मुख्य अतिथि एवं विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा शिविर की रूपरेखा एवं उद्देश्यों से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय एकता शिविर विभिन्न प्रदेशों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, भाषा, परंपराओं और जीवनशैली से परिचित कराने का सशक्त माध्यम है।  कार्यक्रम के अंत में डॉ. राजरतन ने मुख्य अतिथि एवं सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विभिन्न राज्यों से आए कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धीमान भुइयां, डॉ. सृष्टि शैफाली मिंज, डॉ. पंकज, डॉ. मेनका राजपूत, डॉ. बंशीधर सिंह, डॉ. रामू एम.एस., डॉ. सुभाष कुमार, डॉ. एस.के. चमार, डॉ. बल ऋषि, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. श्वेता यादव, डॉ. रश्मि एवं डॉ. पंकज यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। शिविर में आदित्या, शुभम शर्मा, सुखविंद्र कौर, सचिन, रहमान, अंजलि, अरमान, अंकित, अंकिता टंडन, सुमित मलान एवं खुशिका सहित लगभग 200 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles