लाडवा अनाजमंडी में धान की आवक तेज, फिर लगे खुले में ढेर

लाडवा अनाजमंडी में दो दिन की रोक के बाद सोमवार को धान की आवक बढ़ी। खुले में फिर ढेर लगे, जबकि सरकारी एजेंसियों ने उठान तेज किया। जानें अगले 10 दिनों की स्थिति।
 

दो दिन अनाजमंडी में धान की आवक बंद रहने के बाद सोमवार को उमड़े किसान, खुले में फिर लगे धान के ढेर उठान तेज होने से किसानों को राहत, 8 से 10 दिन तक और आने की उम्मीद

लाडवा, 12 अक्टूबर (नरेश गर्ग):

लाडवा अनाजमंडी में शनिवार और रविवार को धान की आवक बंद रहने के बाद सोमवार को बड़ी संख्या में किसान अपनी धान की फसल लेकर पहुंचे। इसके चलते मंडी में एक बार फिर खुले आसमान के नीचे धान के ढेर नजर आने लगे हैं। हालांकि, दोनों सरकारी खरीद एजेंसियों की ओर से धान का उठान तेजी से किया जा रहा है, जिससे मंडी में फसल उतारने के लिए जगह बनने लगी है।

              अनाजमंडी में धान लेकर पहुंचे किसान राव वीरेंद्र सिंह, नरेंद्र कुमार, लख्मीचंद, मंजूर सिंह, सुखविंदर सिंह और तीरथ राम ने बताया कि शनिवार और रविवार को मंडी में धान लाने की अनुमति नहीं होने के कारण वे अपनी फसल लेकर नहीं आ सके थे। उन्होंने पहले ही खेतों में धान की कटाई करवाकर फसल ट्रालियों में भर रखी थी। सोमवार को वे अपनी फसल लेकर मंडी पहुंचे। उन्होंने कहा कि दो दिन तक धान की आवक बंद रहने के दौरान मंडी में पहले से पड़ी फसल का काफी उठान हुआ है। इससे नई फसल उतारने के लिए जगह बनी है। यदि इसी तरह उठान जारी रहा तो किसानों को अपनी धान की फसल मंडी में उतारने में परेशानी नहीं होगी।

8 से 10 दिन तक जारी रह सकती है धान की आवक अनाजमंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान राजीव आर्य ने बताया कि अभी करीब 8 से 10 दिन तक मोटे धान की आवक जारी रहने की उम्मीद है। इस सप्ताह में काफी हद तक किसानों की धान की फसल मंडी में पहुंच जाएगी। पिछले दो दिनों में सरकारी खरीद एजेंसियों की ओर से उठान में तेजी दिखाई गई है। यदि आगे भी इसी गति से उठान होता रहा तो मंडी में किसानों और आढ़तियों को अधिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

किसानों से सूखा धान मंडी में लाने की अपील मार्केट कमेटी के सचिव संत कुमार ने बताया कि शनिवार और रविवार को किसानों को मंडी में धान लाने की अनुमति नहीं दी गई थी। इसी कारण सोमवार को धान की आवक अधिक रही। उन्होंने कहा कि किसानों और व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी धान की फसल अच्छी तरह सुखाकर ही मंडी में लेकर आएं, ताकि सरकारी खरीद एजेंसियों को फसल की खरीद करने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

About the Author

मानव गर्ग
मानव गर्ग

9447 Articles