लाडवा मदर टेरेसा स्कूल में राष्ट्रीय हैंडबॉल चैंपियनशिप का भव्य समापन, झज्जर की टीमों का दबदबा
लाडवा हैंडबॉल चैंपियनशिप 2026: झज्जर की टीमों का दबदबा
अंडर-14 और अंडर-17 में एचडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल झज्जर रहा विजेता, अंडर-19 में नवज्योति स्कूल ने मारी बाजी
लाडवा, 15 अक्टूबर (मानव गर्ग):
मथाना चौकी स्थित मदर टेरेसा मॉडर्न पब्लिक स्कूल में आयोजित राष्ट्रीय हैंडबॉल चैंपियनशिप-2026 का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या पूजा सक्सेना ने बताया कि बालक वर्ग के तीन आयु वर्गों में झज्जर की टीमों का दबदबा रहा। एचडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, झज्जर ने अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अंडर-19 वर्ग में नवज्योति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, झज्जर की टीम विजेता बनी। अंडर-14 बालक वर्ग में एचडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, झज्जर ने पहला, एपीएस आर्मी पब्लिक स्कूल, दिल्ली ने दूसरा स्थान हासिल किया। एमईएस इंडियन स्कूल, दोहा (कतर) और द रामकृष्ण विवेकानंद स्कूल, झारखंड की टीमों ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग में एचडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, झज्जर प्रथम और इंडियन स्कूल, ओमान द्वितीय स्थान पर रहा।
भारत नेशनल पब्लिक स्कूल तथा देहरादून पब्लिक स्कूल ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-19 वर्ग में नवज्योति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, झज्जर की टीम विजेता बनी, जबकि एसडीआरकेएन मोदी ग्लोबल स्कूल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। स्वामी केशवानंद कॉन्वेंट स्कूल तथा सिरी प्रकाश विद्या निकेतन स्कूल की टीमों ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या पूजा सक्सेना ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं।
खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। इनसे विद्यार्थी जीत पर उत्साहित होना और हार को सकारात्मक रूप से स्वीकार करना भी सीखते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों, खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और आयोजन से जुड़े सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी करना गौरव की बात है।
विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रतियोगिता के सफल संचालन में सीबीएसई की ओर से आयोजनकर्ता विजय सर तथा प्रतियोगिता पर्यवेक्षक देवेंद्र जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभिन्न विद्यालयों से आए खेल प्रशिक्षकों और टूर्नामेंट अधिकारियों ने भी प्रतियोगिता को अनुशासित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने में सहयोग दिया।
इनमें कुलदीप, गैलेक्सी इंटरनेशनल स्कूल, राजली; कुलदीप, राठ इंटरनेशनल स्कूल, अलवर; उमेश शर्मा, लक्ष्य पब्लिक स्कूल, धांसू; जितेंद्र कुमार, गुरुकुल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रोहतक; नवदीप सिंह सिद्धू और मनिंदरपाल सिंह, सेंट जेवियर्स स्कूल, बठिंडा; संकित बूरा, गायत्री पब्लिक स्कूल, सुलखनी; गुरमीत, विवेकानंद विद्या निकेतन, असंध; तथा सुमित, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जीटी रोड, सेवाह, पानीपत शामिल रहे। समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने सीबीएसई, आयोजनकर्ता, पर्यवेक्षक, सभी खेल अधिकारियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागी विद्यालयों का आभार व्यक्त किया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
