लाडवा धान खरीद समस्या: मंडी में सरकारी खरीद बंद होने से किसान परेशान

लाडवा अनाज मंडी में मोटे धान की सरकारी खरीद बंद होने से किसान और व्यापारी परेशान हैं। आढ़ती एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि खरीद फिर शुरू की जाए।
 

अनाजमंडी आढ़ती एसोसिएशन ने सरकार से एक-दो दिन के लिए खरीद शुरू करवाने की उठाई मांग

मानव गर्ग /अटल हिन्द


लाडवा /12 नवंबर 2026 /

लाडवा अनाजमंडी में धान का सीजन अब अंतिम चरण में पहुंच गया है, लेकिन इसके बावजूद मंडी में किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। चार नवंबर से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा मोटे धान की सरकारी खरीद बंद किए जाने के कारण मंडी में अपना धान लेकर पहुंच रहे किसानों और आढ़तियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर लाडवा अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन ने सरकार से एक-दो दिन के लिए मोटे धान की सरकारी खरीद दोबारा शुरू करवाने की मांग की है। अनाजमंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान राजीव आर्या, रवि बेदी, नरेंद्र सिंह, सुभाष चंद, पवन बंसल और नितिन बंसल ने कहा कि मंडी में अभी भी किसानों का मोटा धान बिक्री के लिए पहुंच रहा है। ऐसे में सरकारी खरीद बंद होने से किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की खरीद एक या दो दिन के लिए दोबारा खुलवानी चाहिए, ताकि मंडी में पहले से धान लेकर पहुंचे किसान अपनी फसल सरकारी निर्धारित मूल्य पर बेच सकें। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार धान की सरकारी खरीद 15 नवंबर तक होनी है, लेकिन इस बार 15 नवंबर को रविवार होने के कारण सरकारी खरीद नहीं हो पाएगी। ऐसे में सरकार को बिना देरी किए एक-दो दिन के लिए खरीद शुरू करवानी चाहिए, ताकि किसानों और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े। बाक्स मोटे धान की खरीद की जा चुकी है: सचिव मार्केट कमेटी सचिव संत कुमार ने बताया कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से निर्धारित लक्ष्य के अनुसार मोटे धान की खरीद की जा चुकी है। इसके बावजूद मंडी में बचे हुए धान की खरीद करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक आउट ऑफ मंडी के 223 गेट पास काटे जा चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आज या कल तक एक-दो दिन के लिए सरकारी खरीद दोबारा शुरू हो सकती है, जिससे मंडी में किसानों का बचा हुआ मोटा धान बिक सकेगा।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles