लाडवा रामलीला में राम-रावण युद्ध, कुंभकरण वध ने बांधा समां

लाडवा रामलीला में कुंभकरण, मेघनाद और अहिरावण वध के साथ राम-रावण युद्ध का भव्य मंचन हुआ। अभिनेत्री पायल ठाकुर की मौजूदगी में जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा परिसर।
 

राम-रावण युद्ध के भव्य मंचन ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध कुंभकरण, मेघनाद और अहिरावण वध के प्रसंगों ने बांधा समां, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा रामलीला परिसर लाडवा 20 अक्टूबर (मानव गर्ग):  

शहर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्था श्री राम हनुमान रामलीला समिति की ओर से ठाकुरी देवी स्कूल के बाहर स्थित रामलीला ग्राउंड में आयोजित रामलीला में राम-रावण युद्ध का भव्य मंचन किया गया। कुंभकरण वध, मेघनाद वध, अहिरावण वध और राम-रावण के बीच हुए निर्णायक युद्ध के दृश्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय और दमदार संवादों के बीच पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ पीडि़त गौवंश उपचार सेवा समिति के प्रधान रोहित महंत के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और पवनपुत्र हनुमान की आरती करके किया। इस अवसर पर पंजाबी एवं भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री पायल ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। श्री राम हनुमान रामलीला समिति की ओर से अतिथियों को सम्मान पट्टिका पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। रोहित महंत ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन आदर्श, अनुशासन और मर्यादा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपने जीवन में प्रत्येक रिश्ते और कर्तव्य की गरिमा बनाए रखते हुए विपरीत परिस्थितियों में भी धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

भगवान श्रीराम का आचरण सिखाता है कि शत्रु के साथ व्यवहार करते समय भी नैतिकता और मर्यादा का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य है। पायल ठाकुर ने कहा कि भगवान श्रीराम की लीलाएं समाज को संस्कारों, आदर्शों और मर्यादा का संदेश देती हैं। रामलीला बच्चों और युवाओं को अभिनय के क्षेत्र में आगे बढऩे तथा अपनी प्रतिभा निखारने का सशक्त मंच प्रदान करती है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं और संस्कृति से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

राम-रावण युद्ध के मंचन की शुरुआत कुंभकरण वध के प्रसंग से हुई। लक्ष्मण की मूर्छा दूर होने की सूचना मिलने पर रावण ने कुंभकरण को निद्रा से जगाकर युद्धभूमि में भेजने का निर्णय लिया। कुंभकरण को जगाने के दौरान प्रस्तुत हास्यपूर्ण दृश्यों ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। इसके बाद भगवान श्रीराम के हाथों कुंभकरण का वध होते ही दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। इसके पश्चात रावण ने मेघनाद को युद्धभूमि में भेजा। लक्ष्मण और मेघनाद के बीच हुए भीषण युद्ध का प्रभावशाली मंचन किया गया। अंत में लक्ष्मण ने मेघनाद का वध कर दिया। कलाकारों के सशक्त अभिनय और संवाद अदायगी को दर्शकों ने खूब सराहा।

रामलीला में रावण द्वारा शिव स्तुति करके अपने मित्र अहिरावण को बुलाने और उसके छल से भगवान श्रीराम व लक्ष्मण को पाताल लोक ले जाने का प्रसंग भी प्रस्तुत किया गया। हनुमान जी जब राम-लक्ष्मण की खोज में पाताल लोक पहुंचे तो द्वार पर मकरध्वज ने उन्हें रोक लिया। मकरध्वज ने स्वयं को हनुमान जी का पुत्र बताते हुए अपने कर्तव्य का पालन करने की बात कही। इसके बाद हनुमान जी ने मकरध्वज को बांधकर पाताल लोक में प्रवेश किया और अहिरावण का वध कर भगवान श्रीराम व लक्ष्मण को सुरक्षित वापस लेकर आए। इस प्रसंग ने दर्शकों को रोमांचित करने के साथ कर्तव्यनिष्ठा और धर्म के प्रति समर्पण का संदेश भी दिया।

अंतिम युद्ध के लिए रवाना होने से पहले प्रस्तुत गीत यही रात अंतिम, यही रात भारी दर्शकों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। इसके बाद भगवान श्रीराम और रावण के बीच निर्णायक युद्ध का मंचन किया गया। युद्ध के दौरान धर्म, ज्ञान, सदाचार और अहंकार के दुष्परिणामों से जुड़े संवादों ने दर्शकों को प्रभावित किया। दर्शक तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाते रहे और पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंजता रहा।

रामलीला में भगवान श्रीराम की भूमिका अमित सिंघल, लक्ष्मण की राजेश वर्मा, रावण की योगिंदर कम्बोज, हनुमान की राकेश कम्बोज मिंटू, सुग्रीव की हेमंत सैनी, अंगद की विपिन शर्मा, जामवंत की गौरव कालड़ा, विभीषण की वैभव नोनू, मेघनाद की शशांक सिंघल, कुंभकरण की सोनू शर्मा, अहिरावण की देवराज राजू तथा मकरध्वज की भूमिका पर्व गर्ग ने निभाई। सभी कलाकारों के अभिनय और संवादों को दर्शकों ने खूब सराहा। 20 लाडवा 1: लाडवा में रामलीला के दौरान मुख्यातिथि का स्वागत करते समिति पदाधिकारी।

About the Author

मानव गर्ग
मानव गर्ग

9447 Articles