लाडवा रामलीला में सीता हरण का मंचन, भावुक हुए दर्शक
रामलीला में सीता हरण के भावपूर्ण मंचन ने दर्शकों को किया भावुक पुष्पक विमान में सीता हरण, लक्ष्मण रेखा व हवा में जटायु-रावण का युद्ध रहा आकर्षण का केंद्र
लाडवा, 15 अक्टूबर (मानव गर्ग): लाडवा की श्री राम हनुमान रामलीला समिति की ओर से ठाकुरी देवी स्कूल के बाहर रामलीला मैदान में आयोजित रामलीला के ग्यारहवें दिन सीता हरण का भावपूर्ण मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिला कोषाध्यक्ष अंकुश गोयल ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की आरती करके किया। वहीं यूथ स्पोट्र्स एसोसिएशन के सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि अंकुश गोयल ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कारों और आदर्श जीवन मूल्यों को समझने का सशक्त मंच है। भगवान श्रीराम का जीवन प्रत्येक व्यक्ति को मर्यादा, कर्तव्य और अच्छे संस्कारों की सीख देता है। रामलीला की शिक्षाएं बच्चों और युवाओं के लिए विशेष रूप से प्रेरणादायक हैं। वहीं मंचन में सबसे पहले राम-सीता के प्रेम और स्नेह के दृश्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
स्वर्ण मृग को देखकर माता सीता की इच्छा पर भगवान श्रीराम का उसके पीछे जाना, इसके बाद राम की करुण पुकार सुनकर माता सीता का लक्ष्मण को उनकी सहायता के लिए भेजना प्रभावशाली रहा। रावण द्वारा माता सीता को पुष्पक विमान में बैठाकर ले जाने और उनकी रक्षा के लिए जटायु के रावण से युद्ध करने के दृश्य ने दर्शकों में विशेष उत्साह पैदा किया। हवा में जटायु और रावण के बीच युद्ध तथा माता सीता को बचाने के जटायु के प्रयास को देखकर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
वहीं मंचन में भगवान श्रीराम की भूमिका अमित सिंघल, लक्ष्मण की भूमिका राजेश वर्मा, माता सीता की भूमिका विवेक शर्मा, रावण की भूमिका योगिंदर कम्बोज, साधु वेशधारी रावण की भूमिका विशाल काम्बोज तथा जटायु की भूमिका वैभव नोनू ने निभाई। सभी कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय से सीता हरण के प्रसंग को जीवंत कर दिया।
