लाडवा ट्यूबवेल चोरी: तारें और मोटर चुराने वाले दो गिरफ्तार
लाडवा क्षेत्र के किसानों की सिंचाई व्यवस्था को निशाना बनाने वाले चोरों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। लाडवा ट्यूबवेल चोरी के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जो खेतों में लगे ट्यूबवेलों से कीमती सामान और तारें चुराते थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जैनपुर जाटान निवासी अभिषेक उर्फ नोनी और मोहित के रूप में हुई है।
यह मामला तब सामने आया जब नरेंद्र कुमार ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। उन्होंने बताया कि उनके चाचा अमीलाल के नाम पर गांव में ट्यूबवेल का कनेक्शन है। 5 सितंबर की सुबह जब वह खेत पर पहुंचे, तो देखा कि ट्यूबवेल के कोठों से ग्रीफ, स्टार्टर और मोटर की तारें गायब थीं। चोरों ने न केवल सामान चुराया, बल्कि तांबा निकालने के लिए तारों को जलाकर भी काफी नुकसान पहुंचाया था। शिकायत के अनुसार, चोरों ने 5 और 6 सितंबर की रात को ताले तोड़कर इस वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी
लाडवा थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। उप निरीक्षक शमशेर सिंह, सहायक उप निरीक्षक प्रवेश कुमार और सिपाही राम मेहर की टीम ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अभिषेक उर्फ नोनी और मोहित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कृष्ण निवासी जैनपुर जाटान के ट्यूबवेल के कोठे से भी सामान चोरी किया था। पकड़े गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है।
