लाडवा में युवक का संदिग्ध हालत में मिला शव, रातभर से था लापता
मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला 30 वर्षीय युवक का शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा दुकान की सफाई करने के बाद घर लौटने की बात कहकर निकला था युवक लाडवा 4 नवम्बर (मानव गर्ग): लाडवा-बड़ाचपुर मार्ग पर बुधवार सुबह एक मकान में करीब 30 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही लाडवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल भेज दिया। लाडवा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि लाडवा-बिलासपुर मार्ग स्थित एक मकान में युवक मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां युवक की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी पड़े मिले। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से युवक को लाडवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतक की पहचान लाडवा के वार्ड नंबर 5 निवासी मोहिल (करीब 30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अविवाहित था। युवक की मौत की सूचना मिलने पर उसके पिता तरसेम भी लाडवा थाने पहुंचे। मृतक के पिता तरसेम ने बताया कि उनका बेटा मोहिल दुकान की सफाई करने के बाद यह कहकर घर से निकला था कि वह थोड़ी देर में वापस आ जाएगा। लेकिन वह पूरी रात घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी कई जगह तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार सुबह पुलिस ने उन्हें सूचना दी कि उनके बेटे का शव लाडवा के सरकारी अस्पताल में रखा हुआ है। पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
