हरियाणा में अब चिरायु आयुष्मान कार्ड बनवाने पर नहीं देनी होगी फीस, इन परिवारों को भी मिलेगा योजना का लाभ
हरियाणा वासियों के लिए अच्छी खबर है। सरकार ने चिरायु आयुष्मान कार्ड को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। अब चिरायु कार्ड बनवाने के लिए फीस नहीं देनी होगी और 1.80 लाख रुपए से ज्यादा आय वाले लोगों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
बीते शुक्रवार को फरीदाबाद में ग्रीवेंस कमेटी की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री आरती राव ने की। इस बैठक में कुल 15 एजेंडे रखे गए, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर निपटारा किया गया, जबकि चार मामलों को लंबित रखते हुए जांच के आदेश दिए गए।
इसी दौरान कैबिनेट मंत्री आरती राव ने चिरायु योजना को लेकर बड़ी जानकारी दी। उन्होनें कहा कि अब हरियाणा में सभी पात्र लोगों को योजना का लाभ मिलेगा। पहले 1.80 लाख रुपए से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को मुफ्त कार्ड मिलता था, जबकि इससे अधिक आय वाले परिवारों को कार्ड बनवाने के लिए 3 हजार रुपए देने पड़ते थे।
लेकिन अब यह फीस भी नहीं लगेगी। पात्र परिवारों को कार्ड बनवाने के लिए फीस देने की जरूरत नहीं पड़ेगी और 1.80 लाख से अधिक आय वाले परिवारों को भी योजना का लाभ मिल सकेगा। बता दें कि हरियाणा में चिरायु आयुष्मान भारत योजना (Chirayu Ayushman Yojana) के तहत पात्र परिवारों को सालाना ₹5 लाख तक का मुफ्त कैशलेस इलाज मिलता है।
