आज का मौसम 24 नवंबर: भारत के 8 राज्यों में बारिश का अलर्ट, उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड और कोहरा
आज का मौसम: देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी हवाओं का प्रभाव बढ़ने से दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। मौसम विभाग ने 24 नवंबर को 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हल्की से लेकर भारी बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान गिरने से ठंड बढ़ेगी और सुबह के समय धुंध व घना कोहरा छाने का अनुमान है।
8 राज्यों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 24 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और लक्षद्वीप में बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है, जबकि कई स्थानों पर भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है।
पूर्वी हवाओं के प्रभाव से 23 से 27 नवंबर तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तथा 24 से 27 नवंबर तक केरल और माहे में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।
दिल्ली-NCR में सुबह धुंध और कोहरे का असर
दिल्ली में 24 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है, लेकिन सुबह के समय कुछ इलाकों में धुंध और हल्का कोहरा छा सकता है। राजधानी में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
25 नवंबर को न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। सुबह कुछ स्थानों पर हल्का तो कहीं मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। 26 नवंबर को भी धुंध और कोहरे का असर जारी रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में बारिश नहीं, पूर्वी हिस्सों में कोहरा
उत्तर प्रदेश में 24 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है। 25 से 29 नवंबर तक भी प्रदेश में मौसम शुष्क बना रह सकता है।
बिहार में मौसम रहेगा शुष्क
बिहार में मंगलवार को मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध देखने को मिल सकती है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश नहीं, कोहरे की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश में 24 और 25 नवंबर को कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना है। हालांकि 24 से 29 नवंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड में भी अगले छह दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।
पूर्वोत्तर राज्यों में घने कोहरे की संभावना
IMD के अनुसार, 24 और 25 नवंबर को असम और मेघालय में घना कोहरा छा सकता है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले दो दिनों तक कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।
किसानों के लिए मौसम विभाग की सलाह
दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। तमिलनाडु में धान, मूंगफली, दालों और बाजरा की तैयार फसलों की कटाई कर उपज को सुरक्षित एवं सूखे स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है। खेतों में पानी जमा होने से बचाने के लिए उचित जल निकासी व्यवस्था करने को भी कहा गया है।
24 नवंबर: प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम | | --- | --- | --- | | दिल्ली | 24°C | 11°C | | मुंबई | 34°C | 19°C | | चेन्नई | 30°C | 24°C | | कोलकाता | 29°C | 23°C | | लखनऊ | 28°C | 16°C | | पटना | 24°C | 21°C | | रांची | 25°C | 19°C | | भोपाल | 26°C | 17°C | | जयपुर | 26°C | 14°C | | शिमला | 17°C | 7°C | | नैनीताल | 18°C | 8°C |