मेरी पसंद मेरी साइकिल योजना के तहत 25 नवंबर को रोहतक में लगेगा साइकिल मेला:- उपायुक्त सतबीर सिंह

मेरी पसंद मेरी साइकिल योजना के तहत 25 नवंबर को रोहतक में लगेगा साइकिल मेला:- उपायुक्त सतबीर सिंह
 
  • कक्षा छठी में पढ़ने वाले पात्र अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त साइकिल
  • गांव में मिडिल या हाई स्कूल नहीं होने तथा स्कूल की दूरी दो किलोमीटर या अधिक होने पर मिलेगा योजना का लाभ

रोहतक, 17 नवंबर। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि हरियाणा शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत मेरी पसंद मेरी साइकिल योजना के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल उपलब्ध करवाने के लिए 25 नवंबर 2026 को साइकिल मेले का आयोजन किया जाएगा।

सतबीर सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत कक्षा छठी में अध्ययनरत अनुसूचित जाति के ऐसे पात्र छात्र एवं छात्राएं लाभान्वित होंगे, जिनके गांव में मिडिल या हाई स्कूल नहीं है तथा गांव से मिडिल या हाई स्कूल की दूरी दो किलोमीटर या उससे अधिक है। योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करना तथा उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि पात्र विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल उपलब्ध करवाने के लिए 25 नवंबर को भिवानी रोड, रोहतक स्थित राजकीय विद्यालय में साइकिल मेले का आयोजन किया जाएगा। योजना के तहत लाभार्थी विद्यार्थियों का चयन विद्यालय स्तर पर गठित कमेटी द्वारा किया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ सभी चयनित पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles